1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शानदार बढ़त के साथ बंद हुए बाजार, Sensex 336 अंक चढ़कर 39,000 के हुआ पार

शानदार बढ़त के साथ बंद हुए बाजार, Sensex 336 अंक चढ़कर 39,000 के हुआ पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 26, 2019 05:09 pm IST,  Updated : Apr 26, 2019 05:09 pm IST

एनएसई का निफ्टी 112.85 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,754.65 अंक पर बंद हुआ।

bse sensex- India TV Hindi
bse sensex Image Source : BSE SENSEX

मुंबई। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कमी के बीच बैंकिंग, तेल और गैस, धातु एवं आईटी क्षेत्र की लिवाली से बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 336 अंक चढ़कर एक बार फिर 39,000 के आंकड़े को पार कर गया। दिन के कारोबार में एक समय 39,103.16 अंक के स्तर पर पहुंचने के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 336.47 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39,067.33 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 112.85 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,754.65 अंक पर बंद हुआ। 

जनवरी-मार्च तिमाही के बेहतर प्रदर्शन के बल पर टाटा स्टील और एक्सिस बैंक के शेयर 6.67 प्रतिशत तक चढ़ गए। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, एसबीआई, आरआईएल, इन्फोसिस, एचडीएफसी, कोटक बैंक, एचयूएल, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और आईटीसी के शेयर 3.05 प्रतिशत तक चढ़ गए। 

दूसरी ओर टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, मारुति, भारती एयरटेल, कोल इंडिया, एमएंडएम और वेदांता के शेयर 2.84 प्रतिशत तक गिर गए। कारोबारियों के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेश प्रवाह जारी रहने से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। 

वायदा बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.41 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर रही। दिन के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे मजबूत होकर 70 रुपए प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। 

एशियाई बाजारों की बात करें तो शंघाई, टोक्‍यो एवं सिओल में इक्विटी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं यूरोपीय बाजारों में भी शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख देखा गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा