1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बाजार में बीते हफ्ते कोरोना का डर हावी, 7 दिग्गज कंपनियों में डूबे निवेशकों के 1 लाख करोड़ रुपये

बाजार में बीते हफ्ते कोरोना का डर हावी, 7 दिग्गज कंपनियों में डूबे निवेशकों के 1 लाख करोड़ रुपये

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 28, 2021 12:56 pm IST,  Updated : Mar 28, 2021 12:56 pm IST

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईसीआईआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा।

बीते हफ्ते बाजार पर...- India TV Hindi
बीते हफ्ते बाजार पर कोरोना का साया Image Source : PTI

नई दिल्ली। सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,07,566.64 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इसमें से आधा नुकसान अकेले रिलायंस इंडस्ट्रीज को उठाना पड़ा। सप्ताह के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 849.74 अंक या 1.70 प्रतिशत टूट गया।

शीर्ष 10 कंपनियों में सिर्फ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) और एचडीएफसी के बाजार मूल्यांकन में इजाफा हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 55,565.21 करोड़ रुपये घटकर 12,64,243.20 करोड़ रुपये रह गया। बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 16,197.55 करोड़ रुपये घटकर 3,12,327.04 करोड़ रुपये और भारतीय स्टेट बैंक की 12,494.45 करोड़ रुपये के नुकसान से 3,18,697.88 करोड़ रुपये रह गई। कोटक महिंद्रा बैंक का बाजार पूंजीकरण 11,681.66 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 3,51,272.18 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक 5,467.63 करोड़ रुपये घटकर 4,00,093.61 करोड़ रुपये पर आ गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 3,751.92 करोड़ रुपये घटकर 5,69,352.11 करोड़ रुपये रह गई। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 2,408.22 करोड़ रुपये के नुकसान से 8,22,616.51 करोड़ रुपये पर आ गया।

इस रुख के उलट टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 1,812.54 करोड़ रुपये बढ़कर 11,34,924.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 364.19 करोड़ रुपये बढ़कर 5,43,924.22 रुपये पर और एचडीएफसी की 62.77 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 4,56,741.20 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईसीआईआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा।

बीते सप्ताह बाजार में कोरोना मामलों में आई तेजी के बाद दबाव देखने को मिला था। कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही आशंका बन गई है कि एक बार फिर राज्य सरकारें प्रतिबंध लगा सकती हैं जिससे रिकवरी को तेज झटका लग सकता है। इसी वजह से बीते हफ्ते बाजार में गिरावट देखने को मिली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा