1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. स्टॉक मार्केट में दूसरे दिन रही गिरावट, सेंसेक्स 220 अंक लुढ़का लेकिन अडाणी ग्रुप की कई कंपनियों में लौटी तेजी

स्टॉक मार्केट में दूसरे दिन रही गिरावट, सेंसेक्स 220 अंक लुढ़का लेकिन अडाणी ग्रुप की कई कंपनियों में लौटी तेजी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 07, 2023 03:37 pm IST,  Updated : Feb 07, 2023 05:06 pm IST

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 220.86 अंक टूटकर 60,286.04 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी में भी कमजोरी रही। एनएसई निफ्टी 43.10 अंक गिरकर 17,721.50 अंक पर बंद हुआ।

स्टॉक मार्केट- India TV Hindi
स्टॉक मार्केट Image Source : FILE

स्टॉक मार्केट में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को गिरावट का सिलसिला जारी रहा। एशियाई बाजारों के सकारात्मक संकेतों के बीच शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार चढ़ कर खुले थे। अडाणी ग्रुप की कई कंपनियों में खरीदारी लौटने से भी बाजार को सपोर्ट मिला। आपको बता दें कि अडाणी ग्रुप की कंपनी एसीसी, अडाणी इंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स एंड सेज और अडाणी विल्मर में तेजी रही। अडाणी इंटरप्राइजेज में 15% से अधिक का उछाल आया। वहीं, अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी पावर, अडाणी टोटल गैस, अडाणी ट्रांसमिशन और अंबुजा सीमेंट के स्टॉक में गिरावट रही। हालांकि, बाद में बाजार में एक बार फिर बिकवाली हावी हो गई। इसके चलते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 220.86 अंक टूटकर 60,286.04 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी में भी कमजोरी रही। एनएसई निफ्टी 43.10 अंक गिरकर 17,721.50 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 में तेजी रही। बैंकिंग, आईटी और फार्मा स्टॉक में आज गिरावट दर्ज की गई। 

निफ्टी के टॉप 5 गेनर और लूजर

निफ्टी टॉप 5 गेनर और लूजर
Image Source : FILEनिफ्टी टॉप 5 गेनर और लूजर

पूरे दिन ऐसी रही निफ्टी की चाल

निफ्टी
Image Source : FILEनिफ्टी

निवेशकों को फेड के फैसले का इंतजार

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में मंदड़ियों का असर रहा। वे अमेरिकी में रोजगार के बेहतर आंकड़े आने के बाद से काफी सक्रिय हैं। वैश्विक बाजारों पर फिलहाल केंद्रीय बैंक की नीतियों और बॉन्ड प्रतिफल का असर है। यह माना जा रहा है कि केंद्रीय बैंक नीतिगत दर में अभी और वृद्धि कर सकते हैं।’’ नायर ने कहा कि कारोबार के दूसरे चरण में कुछ सुधार देखने को मिला। इसका कारण अमेरिकी वायदा बाजार का चढ़ना है। निवेशकों को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के भाषण का इंतजार है। 

इन कंपनियों के शेयरों में गिरावट 

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील सबसे ज्यादा 5.23 प्रतिशत नीचे आया। कंपनी को दिसंबर तिमाही में 2,501.95 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है। नुकसान में रहने वाले अन्य शेयरों में आईटीसी, सन फार्मा, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक, विप्रो, इन्फोसिस, एचयूएल, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। दूसरी तरफ, कोटक बैंक सबसे ज्यादा 1.59 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी, एसबीआई, टीसीएस और एचडीएफसी बैंक भी लाभ में रहे। अडाणी समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज में गिरावट का रुख मंगलवार को पलट गया और इसमें 14.63 प्रतिशत की तेजी आई। कारोबार के दौरान यह ऊपरी सर्किट पर पहुंच गया था। 

अडाणी पोर्ट्स का शेयर चढ़ा 

अडाणी पोर्ट्स का मुनाफा दिसंबर तिमाही में घटा है लेकिन इसके बावजूद कंपनी का शेयर 1.33 प्रतिशत चढ़ा। फेडरल रिजर्व के प्रमुख के संबोधन से पहले वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। उनके संबोधन से ब्याज के बारे में संकेत मिलेगा। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की नुकसान में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सोमवार को 1,218.14 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.79 प्रतिशत चढ़कर 81.78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा