1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. Gold Rate: करवा चौथ से पहले सोना-चांदी खरीदने का सुनहरा मौका, लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ, जानिए लेटेस्ट रेट

Gold Rate: करवा चौथ से पहले सोना-चांदी खरीदने का सुनहरा मौका, लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ, जानिए लेटेस्ट रेट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 12, 2022 03:40 pm IST,  Updated : Oct 12, 2022 03:40 pm IST

सोने-चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट का दौर तीसरे दिन जारी रहा। पिछले दो तीन दिन में चांदी की कीमत में करीब 3600 रुपये से अधिक की गिरावट आ चुकी है।

Gold rate - India TV Hindi
Gold rate Image Source : PTI

Gold Rate: राष्ट्रीय राजधानी में सोना बुधवार को 20 रुपये टूटकर 51,155 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह लगातार तीसरा दिन है जब सोने के भाव में गिरावट आई है। पिछले दो दिन में सोना करीब 900 रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं, सोने की तरह चांदी भी आज 473 रुपये के नुकसान से 58,169 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले दो दिन में चांदी की कीमत में करीब 3200 रुपये की गिरावट आ चुकी है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 51,175 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 58,642 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,669.5 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर था। चांदी नुकसान के साथ 19.18 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

कमजोर हाजिर मांग से सोना 116 रुपये टूटा

कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों के सौदों का आकार कम करने से वायदा बाजार में सोने की कीमत बुधवार को 116 रुपये टूटकर 50,980 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर की डिलिवरी वाले सोने का भाव 116 रुपये या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 16,272 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, कारोबारियों के अपने सौदे के आकार को कम करने से सोना वायदा की कीमतों में गिरावट आई। वहीं, वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,676 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

चांदी वायदा की कीमतों में गिरावट

कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों का आकार घटाया जिससे वायदा बाजार में चांदी की कीमत बुधवार को 619 रुपये टूटकर 57,916 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी का दिसंबर डिलीवरी का अनुबंध 619 रुपये या 1.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,916 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर आ गया। इसमें 17,119 लॉट का कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी 1.63 प्रतिशत गिरकर 19.17 डॉलर प्रति औंस के भाव पर थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा