1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. जयपुर-टाटानगर-सांतरागाछी एक्सप्रेस का हुआ उद्घाटन, अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जयपुर-टाटानगर-सांतरागाछी एक्सप्रेस का हुआ उद्घाटन, अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 26, 2026 07:09 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 07:09 pm IST

जयपुर को जमशेदपुर और कोलकाता से जोड़ने वाली नई ट्रेन राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगी।

Jaipur-Tatanagar-Santragachi Express, indian railways, new train, ashwini vaishnaw, jaipur- India TV Hindi
सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस Image Source : INDIAN RAILWAYS

पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी से चलकर टाटानगर के रास्ते जयपुर के खातीपुरा तक जाने वाली सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का आज उद्घाटन हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष, महापौर सुनील कोठारी, सांसद विद्युत बरन महतो और मंजू शर्मा भी शामिल हुईं। जबकि, अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

कहां-कहां रुकेगी सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस

रेल मंत्रालय के मुताबिक, ये नई ट्रेन अपनी यात्रा में खड़गपुर, पुरुलिया, टाटानगर, चांडिल, मूरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, ईदगाह आगरा, खेड़ली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई और दौसा रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। आज इस ट्रेन को एक उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के रूप में रवाना किया गया है। भारतीय रेल ने बताया कि खातीपुरा से चलकर टाटानगर के रास्ते सांतरागाछी तक चलने वाली इस नई ट्रेन के नियमित संचालन की डिटेल्स बाद में जारी की जाएंगी।  

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच मजबूत होगी रेल कनेक्टिविटी

इस मौके पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जयपुर को जमशेदपुर और कोलकाता से जोड़ने वाली नई ट्रेन राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगी। रेल मंत्री ने कहा कि नई ट्रेन से राजस्थान में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और अलग-अलग क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को लाभ होगा।

झारखंड का रेल बजट आवंटन 450 करोड़ रुपये से बढ़कर हुआ 7500 करोड़ रुपये

झारखंड में रेलवे के विकास का उल्लेख करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि राज्य के लिए रेलवे बजट आवंटन 450 करोड़ रुपये से बढ़कर 7500 करोड़ रुपये हो गया है, जो पहले के आवंटन का लगभग 16 गुना ज्यादा है। राज्य में लगभग 75,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें गोड्डा, गोविंदपुर रोड, लोहरदगा, मधुपुर और मुरी सहित कई स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1300 से ज्यादा स्टेशनों का हो रहा है विकास

रेल मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकास का काम जारी है और 1300 से ज्यादा स्टेशनों को विकास के लिए चुना गया है। पश्चिम बंगाल के कई स्टेशनों- सांतरागाछी, जलपाईगुड़ी रोड, जयचंडी पहाड़, हल्दिया और कामाख्यागुड़ी का भी पुनर्विकास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

दरभंगा से पटना, दानापुर, बक्सर, कटनी, इटारसी, पुणे, बेंगलुरू के रास्ते मैसूर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।