1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. Mudra Loan : इस सरकारी स्कीम में बिजनेस शुरू करने के लिए मिलता है 10 लाख का लोन, जानिए आवेदन का तरीका

Mudra Loan : इस सरकारी स्कीम में बिजनेस शुरू करने के लिए मिलता है 10 लाख का लोन, जानिए आवेदन का तरीका

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Feb 06, 2024 05:40 pm IST,  Updated : Feb 06, 2024 05:42 pm IST

PM Mudra Yojana : पीएम मुद्रा योजना के तहत 44 करोड़ से ज्यादा कोलैटरल फ्री लोन दिये जा चुके हैं। करोड़ों लघु उद्यमियों ने ये लोन्स लिये हैं। इनमें से 70 फीसदी महिलाएं हैं।

मुद्रा लोन- India TV Hindi
मुद्रा लोन Image Source : FILE

PM Mudra Yojana : अगर आप अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पैसों की तंगी की वजह से रुके हुए हैं, तो सरकार की पीएम मुद्रा योजना आपके लिये ही है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना यानी PMMY प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 8 अप्रैल, 2015 में शुरू की गई थी। इस योजना में गैर-कार्पोरेट, गैर-कृषि छोटे या माइक्रो उद्यमों के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। ये लोन मुद्रा लोन के नाम से जाने जाते हैं। कमर्शियल बैंक, RRBs, स्मॉल फाइनेंस बैंक, MFIs और NBFCs द्वारा ये लोन बांटे जाते हैं। ग्राहक www.udyamimitra.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।

पीएम मुद्रा योजना में है 3 कैटेगरी

पीएम मुद्रा योजना में तीन कैटेगरीज के तहत लोन मिलता है। ये हैं शिशु, किशोर और तरुण। ये कैटेगरीज लाभार्थी माइक्रो यूनिट या उद्यम की ग्रोथ/डेवलपमेंट और फंडिंग जरूरतों के आधार पर बनाई गई हैं। शिशु में 50,000 रुपये तक के लोन कवर होते हैं। इस कैटगरी में वे उद्यमी आते हैं, जो या तो शुरुआती चरण में हैं या जिन्हें अपना बिजनेस शुरू करने में अभी कम फंड की जरूरत है। किशोर कैटेगरी में 5 लाख रुपये तक के लोन कवर होते हैं। इस कैटेगरी में वे उद्यमी आते हैं, जो पहले से अपना बिजनेस शुरू कर चुके हैं और अपने बिजनेस के विस्तार के लिए और पैसा चाहते हैं। तीसरी कैटगरी तरुण 10 लाख रुपये तक के लोन कवर करती है। यह मुद्रा लोन में दी जाने वाली सबसे अधिक राशि है। अगर कोई उद्यमी आवश्यक पात्रता स्थितियों को पूरा करता है, तो वह 10 लाख रुपये तक के लोन के लिए आवेदन दे सकता है।

कैसा हो बिजनेस?

  • मुद्रा लोन के लिए आपका बिजनेस इनमें से कोई एक होना चाहिए :
  • स्मॉल मैन्युफैक्चरिंग एंटरप्राइज
  • दुकानदार
  • फल और सब्जी वेंडर
  • शिल्पी/कारीगर
  • खेती से जुड़ी एक्टिविटीज जैसे- मछली पालन, मधुमक्खी पालन, मुर्गीपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, कृषि क्लिनिक और कृषि व्यवसाय केंद्र, खाद्य और कृषि प्रसंस्करण, आदि।

कहां से मिलेगा लोन?

  • मुद्रा लोन बैंकों के अलावा इन लेंडिंग सस्थानों के जरिए मिलेगा:
  • राज्य द्वारा संचालित को-ऑपरेटिव बैंक
  • रीजनल सेक्टर से ग्रामीण बैंक
  • माइक्रो फाइनेंस ऑफर करने वाले संस्थान
  • बैंक के अलावा फाइनेंशियल कंपनीज

 

कैसे करें आवेदन

आप बैंक ब्रांच में जाकर मुद्रा लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आप उद्यम मित्र पोर्टल www.udyamimitra.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। यहां आपको रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन करने के बाद आपकी एप्लीकेशन कई कर्ज देने वाले संस्थानों को दिख जाएगी। मुद्रा लोन में आवेदन के लिए एड्रेस प्रूफ, आईडी प्रूफ जैसे अहम दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। आपके बिजनेस का आकलन, रिस्क फैक्टर्स और आपकी वित्तीय क्षमता को देखते हुए बैंक आपको लोन दे देगा। 

दिये जा चुके हैं 44 करोड़ से ज्यादा कोलैटरल फ्री लोन

भारतीय जनता पार्टी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि मुद्रा योजना के तहत 44 करोड़ से ज्यादा कोलैटरल फ्री लोन दिये गये हैं, जिससे करोड़ों लघु उद्यमी सशक्त हुए हैं। इनमें से 70% महिलाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'मुद्रा योजना ने न सिर्फ उद्यमिता को बढ़ावा दिया है, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में अद्भुत बदलाव लाने का काम भी किया है। मुझे यह देखकर भी बहुत संतोष होता है कि इस योजना में हमारी माताओं-बहनों के साथ ही एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय के लाभार्थियों की संख्या सबसे अधिक है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा