1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. Diwali Shopping: ये हैं दिल्ली के सबसे सस्ते बाजार, बेहद कम दामों पर मिलेगा दिवाली का सारा सामान

Diwali Shopping: ये हैं दिल्ली के सबसे सस्ते बाजार, बेहद कम दामों पर मिलेगा दिवाली का सारा सामान

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 22, 2024 12:00 pm IST,  Updated : Oct 22, 2024 12:00 pm IST

अगर आप भी दीपावली के लिए शॉपिंग की तैयारियां कर रहे हैं तो आज हम यहां आपको दिल्ली के कुछ ऐसे बाजारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां से आप बेहद सस्ते दामों पर खरीदारी कर सकते हैं और काफी पैसे बचा सकते हैं।

दीपावली के लिए लोगों ने शुरू की खरीदारी- India TV Hindi
दीपावली के लिए लोगों ने शुरू की खरीदारी Image Source : REUTERS

साल के सबसे बड़े त्योहार दीपावली के लिए शॉपिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, दीपावली की तारीख को लेकर दो तरह की बातें हो रही हैं। कुछ लोग 31 अक्टूबर को दीपावली का त्योहार मनाएंगे तो कुछ लोग 1 नवंबर को दीपों का त्योहार मनाएंगे। अगर आप भी दीपावली के लिए शॉपिंग की तैयारियां कर रहे हैं तो आज हम यहां आपको दिल्ली के कुछ ऐसे बाजारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां से आप बेहद सस्ते दामों पर खरीदारी कर सकते हैं और काफी पैसे बचा सकते हैं। 

गांधी नगर मार्केट

भगवान राम जब रावण को मारकर वापस अयोध्या लौटे थे तो अयोध्यावासियों ने घी के दीए जलाकर भगवान राम का स्वागत किया था। तब से लेकर आज तक दुनिया में रहने वाला प्रत्येक हिंदू दीपावली का त्योहार मनाता है। अब इतने बड़े त्योहार पर नए कपड़े पहनना तो बनता है। अगर आप भी कपड़ों की शॉपिंग करने का मन बना रहे हैं तो दिल्ली का गांधी नगर आपके लिए बेस्ट रहेगा। गांधी नगर मार्केट मुख्य रूप से कपड़ों का मार्केट है, जहां आप थोक के भाव में कपड़े खरीद सकते हैं। सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पर उतरकर गांधी नगर मार्केट जा सकते हैं।

भागीरथ पैलेस

दिल्ली के चांदनी चौक के पास स्थित भागीरथ पैलेस, देश के सबसे बड़ी लाइटिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में से एक है। यहां आपको न सिर्फ सजावटी लाइटें मिलेंगी बल्कि डिजाइनर झालर, झूमर भी सस्ते दामों पर मिल जाएंगी। भागीरथ पैलेस के सबसे नजदीक चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन है।

चांदनी चौक

महिलाओं के लिए साड़ी लेनी हो, सूट लेना हो या फिर लहंगा लेना हो, दिल्ली के चांदनी चौक का कोई जवाब नहीं है। चांदनी चौक में महिलाओं के एक से बढ़कर एक और नए-नए डिजाइन में लगभग सभी कपड़े आसानी से कम दाम में मिल जाते हैं। इतना ही नहीं, चांदनी चौक में महिलाओं के श्रंगार का भी सारा सामान बेहद काम दाम में मिल जाता है।

सदर बाजार

बाजारों का बाजार- सदर बाजार। दिल्ली का सदर बाजार दुनिया के सबसे व्यस्त मार्केट में से एक है। ये सिर्फ ही नहीं बल्कि पूरे एशिया का सबसे बड़ा थोक बाजार है। सदर बाजार में आपको लगभग सभी तरह के सामान बेहद सस्ते दामों पर मिल जाएंगे। घर की सजावट से जुड़ा कैसा भी सामान हो या महिलाओं के श्रृंगार का सामान हो- सदर बाजार से कभी कोई मायूस होकर नहीं जाता है। सदर बाजार जाने के लिए चांदनी चौक, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीकी स्टेशन हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा