1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान पहुंचा चक्रवाती तूफान टाउ-टे, कई जगह भारी बारिश

राजस्थान पहुंचा चक्रवाती तूफान टाउ-टे, कई जगह भारी बारिश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 19, 2021 01:08 pm IST,  Updated : May 19, 2021 01:08 pm IST

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 12 घंटे में यह चक्रवात कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा और उत्तर पूर्वी राजस्थान में आगे बढ़ेगा। 

राजस्थान पहुंचा चक्रवाती तूफान टाउ-टे, कई जगह भारी बारिश- India TV Hindi
राजस्थान पहुंचा चक्रवाती तूफान टाउ-टे, कई जगह भारी बारिश Image Source : PTI

जयपुर: अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान टाउ-टे ने मंगलवार देर रात दक्षिणी राजस्थान में प्रवेश किया जहां बीते चौबीस घंटे में अनेक जगह अत्यंत भारी बारिश बारिश दर्ज की गई। यह चक्रवात बुधवार की सुबह राज्य के उदयपुर के पास केंद्रित था और मौसम विभाग के अनुसार इसके अगले 12 घंटे में कम दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। 

मौसम केंद्र जयपुर के प्रवक्ता ने बताया कि चक्रवाती तूफान ताउते ने 18 मई की मध्य रात दक्षिण राजस्थान में प्रवेश किया। बुधवार को सुबह इसका केंद्र उदयपुर से 60 किलोमीटर दूर दक्षिण पश्चिम में था। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 12 घंटे में यह चक्रवात कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा और उत्तर पूर्वी राजस्थान में आगे बढ़ेगा। वहीं चक्रवात टाउ-टे के कारण बीते चौबीस घंटें में राज्य के दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है।

इस दौरान डूंगरपुर के वेजा में रिकार्ड 232 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कांवा में 144 मिमी., देवल में 142 मिमी., डूंगरपुर तहसील में 139 मिमी., धांबोला में 133 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे से बूंदाबांदी हो रही है और हवाएं चल रही हैं । यह क्रम बुधवार को भी बना रहा। 

जयपुर में इस दौरान 38.5 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इससे अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। आगामी चौबीस घंटे में अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में अधिकतर स्थानों पर रुक रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। (भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।