राजस्थान के झालावाड़ में लंगर का खाना खाने से 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना भवानीमण्डी इलाके की है। यहां ईदगाह में आयोजित मोहर्रम के लंगर में खाना खाने से मुस्लिम समाज के 100 से ज्यादा महिला-पुरुष बीमार हो गए। इन्हें उपचार के लिए उपजिला अस्पताल और एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां सभी का उपचार जारी है।
भवानीमंडी तहसीलदार अब्दुल हफीज ने बताया सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो पाया कि भवानीमंडी नगर के ईदगाह में रविवार को मोहर्रम के लंगर का आयोजन किया गया था। इसमें मुस्लिम समाज के लोगों ने दाल-मांडे एवं सेवइयों के जर्दे का भोजन किया था। भोजन खाने के करीब दो तीन घंटे बाद महिला एवं पुरुषों को उल्टी-दस्त एवं पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
उपजिला अस्पताल में चल रहा इलाज
परिजन बीमार अवस्था में सभी को उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉ. रामसिंह एवं डॉ. दीपिका नागर ने प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया। वहीं नगर के एक निजी अस्पताल में भी बीमारों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलने पर ब्लाक सीएमएचओ विकास जैन ने भी अस्पतालों में पहुंचकर बीमार मरीजों की कुशलक्षेम पूछी एवं हर संभव बेहतर चिकित्सा सेवा मुहैया कराने की बात कही।
कैसे हुई घटना?
रविवार को भवानीमंडी के ईदगाह में मोहर्रम के लंगर का आयोजन किया गया था। लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने दाल-मांडे और सेवइयों का जर्दा खाया। भोजन करने के करीब दो से तीन घंटे बाद करीब 100 महिला-पुरुषों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। परिजन आनन-फानन में सभी को उपजिला अस्पताल और नगर के निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में डॉक्टरों की टीम सक्रिय हो गई। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. विकास जैन ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया और उपचार व्यवस्था की निगरानी की। वहीं कार्यवाहक थाना प्रभारी रेवतीरमण भी पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
भोजन का सैंपल सुरक्षित
स्वास्थ्य विभाग ने लंगर में परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि सेवइयों के जर्दे में इस्तेमाल किए गए मावे की गुणवत्ता खराब होने से फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि बीमारी के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल अस्पतालों में भर्ती सभी मरीजों का उपचार जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। मोहर्रम के लंगर के बाद एक साथ करीब 100 लोगों के बीमार पड़ने की घटना ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर इतने बड़े स्तर पर लोगों की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या रही।
(झालावाड़ से अनीश की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
कोटा के बॉयज हॉस्टल में घुसा 5 फीट का मगरमच्छ, छात्रों में मचा हड़कंप; VIDEO आया सामने