1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के Containment Zones में 31 दिसम्बर तक Lockdown, स्कूल-कॉलेज भी रहेंगे बंद

राजस्थान के Containment Zones में 31 दिसम्बर तक Lockdown, स्कूल-कॉलेज भी रहेंगे बंद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 30, 2020 02:01 pm IST,  Updated : Nov 30, 2020 02:01 pm IST

राजस्थान सरकार ने निरुद्ध क्षेत्रों में 31 दिसंबर तक फिर से लॉकडाउन लागू करने और 13 जिलों में रात में कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है।

Rajasthan - India TV Hindi
Rajasthan  Image Source : FILE PHOTO

जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए निरुद्ध क्षेत्रों में 31 दिसंबर तक फिर से लॉकडाउन लागू करने और 13 जिलों में रात में कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। इन सभी 13 जिलों में रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू रहेगा और इस दौरान सभी बाजार, कार्यालय और वाणिज्यिक परिसर बंद रहेंगे। प्रमुख शासन सचिव (गृह) की ओर से रविवार रात जारी दिशा निर्देशों के अनुसार, राज्य में सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग और शैक्षणिक संस्थान 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। 

प्रमुख शासन सचिव (गृह) अभय कुमार द्वारा जारी दिशा निर्देशों में कहा गया है कि निरुद्ध क्षेत्रों का प्रभावी सीमांकन संक्रमण फैलने की श्रृंखला को तोड़ने और संक्रमण को काबू करने के लिये महत्वपूर्ण है। कुमार ने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी भारत सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार निरुद्ध क्षेत्रों का निर्धारण करेंगे। केवल आवश्यक गतिविधियों की ही अनुमति दी जायेगी। सरकार ने राज्य के पांच और जिलों नागौर, पाली, टोंक, सीकर और गंगानगर में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया है। इससे पहले कोटा, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, अलवर और भीलवाड़ा में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया गया था। 

विवाह समारोहों में यह सुनिश्चित किया जायेगा कि आमंत्रित मेहमानों की संख्या 100 से अधिक नहीं होगी और कार्यक्रम के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखना एवं मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके अलावा ‘मास्क के बिना प्रवेश निषेध’ का सख्ती से पालन किया जाएगा। इसी तरह अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोग भाग नहीं ले सकेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।