1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 1570 नए मामले, 13 मरीजों की मौत

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 1570 नए मामले, 13 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 04, 2020 11:19 pm IST,  Updated : Sep 04, 2020 11:20 pm IST

राजस्थान में भाजपा विधायक एवं पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में संक्रमण के 1570 नये मामले सामने आए हैं, वहीं कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 1108 हो गयी।

Rajasthan Coronavirus cases till 4 November- India TV Hindi
Rajasthan Coronavirus cases till 4 November Image Source : INDIA TV

जयपुर: राजस्थान में भाजपा विधायक एवं पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में संक्रमण के 1570 नये मामले सामने आए हैं, वहीं कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 1108 हो गयी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने ट्वीट किया,‘‘कल प्रवास से आने के बाद कोविड-19 की जांच करवाई यद्यपि मुझे लक्षण नहीं थे लेकिन मेरी रिपोर्ट संक्रमित आयी है और चिकित्सीय सलाह पर मैंने स्वयं को घर पर ही आईसोलेट किया है।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘विगत दिनों मेरे संपर्क में आए सभी व्यक्ति अपना परीक्षण करवा लें।’’ अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे तक राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 13 और मौतें हुई हैं जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या 1108 हो गई है। इसके साथ ही संक्रमण के 1570 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 87,797 हो गयी जिनमें से 14790 रोगी उपचाराधीन हैं।

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमितों के ठीक होने की दर 82 फीसद है। राज्य के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने बताया कि राज्य में संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है लेकिन यहां लगभग 82 फीसद मरीज स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में मरीजों के बीच मृत्युदर में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमितों को बड़ी राहत देते हुए प्रदेश के निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान शुल्क की दरें निर्धारित कर दी गयी हैं। 

निर्देशों का कडाई से पालन नहीं करने वाले निजी अस्पतालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अभी प्रतिदिन 51 हजार 640 जांच करने की क्षमता विकसित की जा चुकी है। यह क्षमता आने वाले दिनों में 75 हजार से ज्यादा हो जाएगी। 

उन्होंने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच की रिपोर्ट अब रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिल सकेगी। यह सुविधा सात सितंबर से शुरू होगी। प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अखिल अरोरा ने शुक्रवार को इस बाबत एक परिपत्र जारी कर कोरोना जांच के नमूने की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं। आम लोग ‘राज कोविड इंफो मोबाइल एप’ के जरिए भी जांच रिपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।