1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Rajasthan News: वर्जिनिटी टेस्ट में फेल हुई दुल्हन तो पंचायत ने लगाया 10 लाख का जुर्माना, पति और सास ने मारपीट करके घर से निकाला, जानें क्या है कुकड़ी प्रथा

Rajasthan News: वर्जिनिटी टेस्ट में फेल हुई दुल्हन तो पंचायत ने लगाया 10 लाख का जुर्माना, पति और सास ने मारपीट करके घर से निकाला, जानें क्या है कुकड़ी प्रथा

 Published : Sep 05, 2022 10:37 am IST,  Updated : Sep 05, 2022 12:10 pm IST

Rajasthan News: पंचायत में लड़की के घरवालों ने बताया कि उन्होंने 18 मई को सुभाष नगर थाने में रेप का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पंचायत ने कुछ समय तक कुछ नहीं कहा। इसके बाद 31 मई को दोबारा से पंचायत बुलाई गई, जिसमें पंचायत ने लड़की के मायके पक्ष पर अनुष्ठान के नाम पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।

bride failed in the virginity test- India TV Hindi
bride failed in the virginity test Image Source : REPRESENTATIVE PICTURE

Highlights

  • वर्जिनिटी टेस्ट में फेल हुई दुल्हन तो पंचायत ने लगाया 10 लाख का जुर्माना
  • पति और सास ने मारपीट करके घर से निकाला
  • वर्जिनिटी टेस्ट के लिए दिन में मनाई जाती है सुहागरात

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां शादी के बाद एक दुल्हन वर्जिनिटी टेस्ट में पास नहीं हुई तो उसके ससुराल वालों ने उसे छोड़ दिया और पंचायत बुलाकर लड़की के परिजनों पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया। पैसे नहीं देने पर लड़की के परिजनों को परेशान भी किया जा रहा है। 

दरअसल भीलवाड़ा की 24 साल की लड़की की शादी बागोर में 11 मई 2022 को हुई थी। शादी के बाद उसका वर्जिनिटी टेस्ट किया गया। इस समाज में कुकड़ी प्रथा के तहत वर्जिनिटी टेस्ट होता है। इस टेस्ट में लड़की पास नहीं हुई तो उससे पूछताछ की गई। लड़की ने बताया कि शादी से पहले पड़ोस के एक लड़के ने उसका रेप किया था। इसके बाद पति और सास ने लड़की के पास मारपीट की और बागोर के भादू माता मंदिर में पंचायत बुला ली। 

पंचायत ने लड़की के परिजनों पर 10 लाख का जुर्माना लगाया

पंचायत में लड़की के घरवालों ने बताया कि उन्होंने 18 मई को सुभाष नगर थाने में रेप का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पंचायत ने कुछ समय तक कुछ नहीं कहा। इसके बाद 31 मई को दोबारा से पंचायत बुलाई गई, जिसमें पंचायत ने लड़की के मायके पक्ष पर अनुष्ठान के नाम पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। इसके बाद लड़की के परिजनों ने पंचायत के फैसले के खिलाफ पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने लड़की के ससुर और पति के खिलाफ शनिवार रात मामला दर्ज कर लिया। 

क्या है शादी के बाद होने वाली कुकड़ी प्रथा या वर्जिनिटी टेस्ट

इस समाज में वर्जिनिटी टेस्ट के लिए दिन में सुहागरात मनाई जाती है, जिसके लिए बेड पर सफेद रंग की चादर बिछाई जाती है और सूत की एक गेंद (कुकड़ी) दी जाती है। दूल्हा और दुल्हन के शारीरिक संबंध बनाने के बाद इस चादर को घर वाले देखते हैं। अगर चादर पर खून के धब्बे मिलें तो दुल्हन को वर्जिनिटी टेस्ट में पास माना जाता है और दुल्हन इस खून को सूत की गेंद (कुकड़ी) पर भी लगाती है। इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्यों को ब्लड लगा सफेद कपड़ा और कुकड़ी दिखाई जाती है। इसके बाद सबूत के तौर पर सफेद कपड़ा लड़की का मायका पक्ष और कुकड़ी को ससुराल पक्ष रखता है। 

अगर वर्जिनिटी टेस्ट में फेल हुई लड़की तो...

वहीं अगर सुहागरात में शारीरिक संबंध बनाने के बाद चादर पर खून के धब्बे ना हों तो लड़की को वर्जिनिटी टेस्ट में फेल माना जाता है और दूल्हा इस बात का ढोल समाज में पीटता है कि लड़की का करेक्टर सही नहीं है। इसके बाद लड़की का जीवन नर्क बना दिया जाता है। कई जगहों पर पंचायत में लड़की के कपड़े तक उतरवा दिए जाते हैं और उससे यार का नाम पूछा जाता है। इसके अलावा लड़की के परिजनों पर लाखों रुपए का जुर्माना भी लगा दिया जाता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।