1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Rajasthan News: BSP से कांग्रेस में आए विधायकों से किए गए वादे नहीं हुए पूरे, राजस्थान के मंत्री ने जताई नाराजगी

Rajasthan News: BSP से कांग्रेस में आए विधायकों से किए गए वादे नहीं हुए पूरे, राजस्थान के मंत्री ने जताई नाराजगी

 Published : Jul 26, 2022 10:35 pm IST,  Updated : Jul 26, 2022 10:42 pm IST

Rajasthan News: बसपा से कांग्रेस में आए 5 अन्य विधायकों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग हर कोई सोच रहा है कि पहले जिस तरह की उम्मीदें थीं, जो प्रतिबद्धता थीं, वह पूरी नहीं हो रही हैं।

Rajasthan minister Rajendra Gudha- India TV Hindi
Rajasthan minister Rajendra Gudha Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • मंत्री गुढ़ा ने कांग्रेस से जताई नाराजगी
  • "सोनिया गांधी और राहुल के साथ बैठक करवाने को कहा गया था"
  • सरकार के कई मंत्रियों के रवैए नहीं है ठीक

Rajasthan News: राजस्थान के सैनिक कल्याण मंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) से कांग्रेस में आए राजेंद्र गुढ़ा ने एक बार फिर राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। गुढ़ा ने कहा कि बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों से किए वादे पूरे नहीं किए गए। गुढ़ा और 5 अन्य विधायक कांग्रेस में शामिल हुए थे और कांग्रेस सरकार का समर्थन किया था।

विधायकों की पूरी नहीं हुई उम्मीदें

राजेंद्र गुढ़ा और 5 अन्य विधायक 2018 का विधानसभा चुनाव बसपा उम्मीदवार के रूप में जीतने के बाद 2019 में सत्तारूढ़ कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्होंने राज्य में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का समर्थन किया।

उन्होंने सत्तारूढ़ दल के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों की उम्मीदें पूरी नहीं हुई हैं। गुढ़ा ने मीडिया से कहा, "हमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कुछ भी नहीं किया गया। अगर कुछ नहीं किया जाता है, तो हमें फिर से सोचना होगा।"

"हम कांग्रेस संस्कृति के लोग नहीं हैं।"

बसपा से कांग्रेस में आए 5 अन्य विधायकों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग हर कोई सोच रहा है कि पहले जिस तरह की उम्मीदें थीं, जो प्रतिबद्धता थीं, वह पूरी नहीं हो रही हैं। राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि इस बार सरकार के कई मंत्रियों के रवैए ठीक नहीं है। कई मंत्री काम नहीं करते हैं, जिसे लेकर भी हमारे साथियों में अविश्वास बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले भी गुढ़ा ने कहा था कि वह कांग्रेस की संस्कृति में फिट नहीं होते हैं। उन्‍होंने कहा था, "हम कांग्रेस संस्कृति के लोग नहीं हैं। हमने सरकार को बचाया था और मेरी संस्कृति तुरंत काम करने की है।" इससे पहले जून में राज्यसभा चुनाव से पहले गुढ़ा ने कहा था कि बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए 6 विधायकों को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।

कांग्रेस की टिकट को लेकर संशय

मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि हम जब कांग्रेस में शामिल हुए थे तो वादा किया गया था कि उन्हें विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट दिया जाएगा, लेकिन जिस तरह के हालात पार्टी में बने हुए हैं उससे लगता नहीं है कि हमें कांग्रेस पार्टी का टिकट मिलेगा। इसलिए हमारे सभी विधायकों को कांग्रेस की टिकट को लेकर कोई विश्वास नहीं है।

 गौरतलब है कि बसपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतने वाले 6 विधायक राजेन्द्र गुढा, लखन मीणा, दीपचंद खेरिया, संदीप यादव, जोगिंदर अवाना और वाजिब अली सितंबर 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।