1. Hindi News
  2. धर्म
  3. त्योहार
  4. जन्माष्टमी पर करें ये खास उपाय, आर्थिक लाभ, करियर में तरक्की, प्रेम विवाह की अड़चन दूर करने में बताए हैं कारगर

जन्माष्टमी पर करें ये खास उपाय, आर्थिक लाभ, करियर में तरक्की, प्रेम विवाह की अड़चन दूर करने में बताए हैं कारगर

 Written By: Acharya Indu Prakash
 Published : Sep 03, 2026 05:53 pm IST,  Updated : Sep 03, 2026 06:01 pm IST

जन्माष्टमी का दिन बेहद खास माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए कुछ खास उपायों से जीवन में सुख, समृद्धि, यश और खुशहाली आती है। अलग-अलग मनोकामनाओं के लिए अलग-अलग उपाय बताए गए हैं। तो चलिए जानते हैं इस दिन किए जाने वाले कुछ खास उपायों के बारे में।

Krishna Janmashtami Upay- India TV Hindi
जन्माष्टमी के उपाय Image Source : PINTEREST

जन्माष्टमी का दिन बहुत ही महत्व रखता है। इस शुभ दिन पर कुछ खास उपाय करके आप प्यार, पैसा और शोहरत सब कुछ पा सकते हैं। जन्माष्टमी पर किए जाने वाले इन उपायों से आर्थिक संकट दूर होने, धन टिकने, कारोबार और नौकरी में लाभ मिलने की कामना की जाती है। साथ ही प्रेम विवाह की अड़चन दूर करने और दाम्पत्य जीवन में मिठास बनाए रखने के लिए भी कुछ उपाय बताए गए हैं। 4 सितंबर को जन्माष्टमी है। इस दिन किस मनोकामना की पूर्ति के लिए कौन-सा उपाय लाभदायक हो सकता है, आइए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं।

जन्माष्टमी के दिन किए जाने वाले उपाय

  • अगर आप किसी आर्थिक संकट से परेशान रहते हैं या आप किसी फाइनेंशियल कंडिशन से जूझ रहे हैं, तो राधा कृष्ण मंदिर में जाकर श्रीकृष्ण जी को अपने हाथों से बनी पीले फूलों की माला अर्पित करें। साथ ही कृष्ण जन्म के समय शारदा तिलक में दिये उनके इस अष्ट दशाक्षर मंत्र का जाप करें। मन्त्र है: क्लीं कृष्णाय गोविंदाय गोपीजनवल्लभाय स्वाहा।
  • अगर आप चाहते हैं कि आपके जीवन में कभी यश की कमी न हो और आपकी तिजोरियां हमेशा भरी रहें, तो जन्माष्टमी के दिन शुभ मुहूर्त (यदि संभव हो) में श्रीकृष्ण मंदिर में जाकर पीले रंग के कपड़े, पीला फल, अनाज और पीले रंग की मिठाई दान करें। साथ ही रात को कृष्ण जन्म के समय उनके इस मंत्र का जाप करें। मन्त्र है: क्लीं कृष्णाय स्वाहा।
  • आपके पास पैसा तो बहुत है, लेकिन रुकता नहीं है, कहीं न कहीं खर्च हो जाता है और आखिर में जरूरत के समय आपको दूसरों से पैसा उधार मांगना पड़ता है, तो ऐसे में जन्माष्टमी की रात ठीक 12 बजे एकांत में लाल कपड़े पहनकर बैठें और अपने सामने 10 लक्ष्मी कारक कौडि़यों को, सिंदूर में रंगकर रखें। साथ ही तेल का दीपक जलाएं और इस मंत्र "गोपीजनवल्लभाय स्वाहा" की 5 माला का जाप करें। जाप पूरा होने के बाद पूजन में रखी कौड़ियों को उठाकर धन रखने के स्थान पर या तिजोरी में रख दें।
  • अगर आप ऐश्वर्य की प्राप्ति करना चाहते हैं और समाज में शोहरत पाना चाहते हैं, तो भगवान श्रीकृष्ण को साबुत दाने या चावल की खीर बनाकर भोग लगाएं। संभव हो तो खीर में थोड़ी केसर की पत्तियां भी डालें। इसके अलावा अपने काम की सिद्धि के लिये रात को श्रीकृष्ण के मंत्र "क्लीं हृषिकेशाय नमः" का जप करें।
  • अगर आप लक्ष्मी कृपा अपने ऊपर बनाये रखना चाहते हैं और खूब तरक्की पाना चाहते हैं, तो जन्माष्टमी के दिन घर में या किसी बाग में या किसी मन्दिर आदि में केले के दो पौधे लगाएं। साथ ही अपने काम बनाने के लिये रात के समय श्री कृष्ण के इस मंत्र "श्रीं ह्रीं क्लीं कृष्णाय स्वाहा" का जाप करें। 
  • अगर आपकी कोई ऐसी इच्छा है, जो बहुत दिनों से आपके मन में है और आप चाहते हैं कि वह जल्द से जल्द पूरी हो जाए, तो जन्माष्टमी के दिन शंख में जल भरकर लड्डू गोपाल का अभिषेक करें। साथ ही श्री कृष्ण के इस विशेष मंत्र का जप करें। मन्त्र है: श्रीं ह्रीं क्लीं कृष्णाय गोविन्दाय स्वाहा।
  • आपको पिछले कुछ समय से कोई बहुत परेशान कर रहा है या शत्रु से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो जन्माष्टमी की रात ठीक 12 बजे साबुत उड़द की काली दाल और चावल के दाने मिलाकर घर के बाहर किसी एकांत जगह पर गड्ढ़े में दबा दें। साथ ही श्री कृष्ण के इस विशेष मंत्र "ऊँ नमो भगवते रुक्मिणी वल्लाभाय स्वाहा" का जप करें। 
  • अगर आप जीवन में खुशहाली बनाये रखना चाहते हैं, तो भगवान कृष्ण के सामने आसन बिछाकर बैठ जायें। साथ ही एक पात्र में केसर और रोली मिलाकर रखें। इसके बाद श्री कृष्ण के इस मंत्र मन्त्र "ऐं क्लीं कृष्णाय ह्रीं गोविन्दाय श्रीं गोपी जनवल्लभाय स्वाहा सौं" मंत्र का जाप करें। फिर केसर मिश्रित रोली को घर के मंदिर में रख दें। रोज सुबह स्नान आदि के बाद अपनी नाभि और माथे पर लगाएं।
  • अपने बिजनेस और नौकरी में तरक्की के लिये आज जन्माष्टमी के दिन 7 कन्याओं को घर में आदरसहित बुलाकर उन्हें खीर खिलाएं, कन्याओं को खिलाने से पहले कन्हैया जी को भोग लगाना न भूलें। इसके साथ ही अपने काम में सफलता पाने के लिये आज रात के समय श्री कृष्ण के इस मंत्र "ऊँ क्लीं नमो भगवते नन्दपुत्राय बालादिवपुषे श्यामलाय गोपीजन वल्लभाय स्वाहा" का जप करें।
  • अगर आप प्रेम विवाह में घर वालों की सहमति चाहते हैं, तो जन्माष्टमी के दिन मंदिर में जाकर सबसे पहले भगवान श्रीकृष्ण को पीले फूलों की माला पहनाइए और गोले की मिठाई से भोग लगाइए। साथ ही उनके इस मंत्र का जप करिये। मन्त्र है: ॐ क्लीं ह्रीं श्रीं गोपीजन वल्लभाय स्वाहा
  • अगर आप अपने दाम्पत्य रिश्ते को मजबूत और मधुर बनाना चाहते हैं, तो आज श्री कृष्ण मंदिर में जाकर दक्षिणावर्ती शंख में जल भरकर श्री कृष्ण का अभिषेक करें और भगवान को शहद और इलाइची का भोग लगाइए। साथ ही श्री कृष्ण के इस मंत्र "क्लीं कृष्णाय स्वाहा" का जप करें।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें: जन्माष्टमी का व्रत कैसे रखा जाता है? इस व्रत में क्या खा सकते हैं, नोट कर लें पूरी विधि

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Festivals से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें धर्म