1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Guru Gochar: गुरु की अतिचारी गति से इन 3 राशियों की बढ़ेंगी स्वास्थ्य समस्याएं, 14 मई से बरतें ये सावधानियां

Guru Gochar: गुरु की अतिचारी गति से इन 3 राशियों की बढ़ेंगी स्वास्थ्य समस्याएं, 14 मई से बरतें ये सावधानियां

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : May 06, 2025 08:17 am IST,  Updated : May 14, 2025 08:00 am IST

Guru Gochar: गुरु ग्रह 14 मई 2025 को वृषभ राशि से निकलकर मिथुन राशि में गोचर कर जाएंगे। इस साल गुरु अतिचारी गति करेंगे और अक्टूबर माह में कर्क राशि में इनका गोचर होगा। गुरु की स्थिति से किन राशियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है, आइए जानते हैं।

Guru Gochar 2025- India TV Hindi
गुरु गोचर 2025 Image Source : META AI

Guru Gochar: गुरु ग्रह 14 मई को वृषभ राशि से निकलकर मिथुन राशि में प्रवेश कर जाएंगे। गुरु का यह गोचर शत्रु राशि में होने से कई लोगों के जीवन में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। ज्योतिष में यूं तो गुरु को शुभ ग्रह की संज्ञा दी गई है लेकिन अलग-अलग राशियों पर इनका प्रभाव शुभ और अशुभ हो सकता है। खास बात यह है कि इस साल गुरु अतिचारी गति करेंगे। गुरु लगभग एक साल में राशि बदलते हैं, लेकिन इस साल मई के बाद गुरु अक्टूबर में भी राशि बदलेंगे; यानि छह महीने के अंतराल में गुरु का राशि परिवर्तन होगा। गुरु मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में जाएंगे। गुरु का मिथुन राशि में गोचर और अतिचारी गति का 3 राशियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है, आइए जानते हैं इन राशियों के बारे में। 

मेष राशि 

गुरु ग्रह आपकी राशि से तृतीया भाव में प्रवेश करेंगे। गुरु शत्रु राशि मिथुन में होंगे इसलिए आपके जीवन में कई स्वास्थ्य समस्याएं आ सकती हैं। खासकर श्वास से जुड़ी दिक्कतों से आपको दो-चार होना पड़ सकता है। इस राशि के जो जातक 50 की उम्र पार कर चुके हैं वो स्वास्थ्य का विशेष ध्यान दें। कुछ जातकों को कान और गले से जुड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है। पहले से ही हेल्थ चेकअप करवा लेंगे तो आपको लिए बेहतर रहेगा। हालांकि इस दौरान आप अपने ज्ञान से समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। सेहत को दुरुस्त रखने के लिए आपको निरंतर व्यायाम करना चाहिए। 

मकर राशि 

गुरु ग्रह का गोचर आपकी राशि से छठे भाव में होगा। इस भाव में गुरु की स्थिति अच्छी नहीं कही जाती। इस भाव में बैठे गुरु आपको उदर विकार दे सकते हैं। खान पान का आपको विशेष ध्यान रखना होगा। बाहर का तला-भुना भोजन करने की आपकी आदत आपके पाचन तंत्र को कमजोर कर सकती है। इसके साथ ही कुछ जातकों को एलर्जी की समस्या भी होगी। पहले से ही इन समस्याओं से जूझ रहे हैं तो किसी योग्य चिकित्सक से सलाह अवश्य लें। 40 की उम्र पार कर चुके लोग कब्ज, गैस या अपच जैसी समस्याओं से जूझ सकते हैं। खुद को तंदुरुस्त बनाए रखने के लिए आपको योग-ध्यान का सहारा लेना होगा। 

कुंभ राशि 

गुरु आपकी राशि से पंचम भाव में गोचर करेंगे। इस भाव में बैठे गुरु आपके ज्ञान में तो वृद्धि करेंगे लेकिन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी आपको दे सकते हैं। कुंभ राशि के जातकों को अपने हृदय का विशेष ख्याल रखना होगा। खाने में तेल और मसालेदार चीजों का जितना कम इस्तेमाल करेंगे उतना आपके लिए लाभदायक सिद्ध होगा। छाती में जलन की समस्या भी कुछ लोगों को हो सकती है। गुरु के गोचर के दौरान आलस्य को खुद पर हावी न होने दें। जितना शारीरिक रूप से सक्रिय रहेंगे उतना ही फिट रहेंगे। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।