कोलंबो: कोलंबो: भारत और श्रीलंका की क्रिकेट टीमों के बीच शुक्रवार को सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच के पहले सत्र का खेल बारिश से प्रभावित रहा। भारत ने इस सत्र में 15 ओवरो में दो विकेट पर 50 रन बनाए। टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने लोकेश राहुल (2) और अजिंक्य रहाणे (8) के विकेट सस्ते में गंवा दिए। इसके बाद बारिश आने तक कप्तान विराट कोहली (नाबाद 14) और चेतेवर पुजारा (नाबाद 19) ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
राहुल का विकेट दो रनों के कुल योग पर गिरा। उन्हें धम्मिका प्रसाद ने बोल्ड किया जबकि रहाणे 14 के कुल योग पर पवेलियन लौटे। रहाणे को भी प्रसाद ने आउट किया।
इसके बाद से पुजारा और कोहली 36 रन जोड़ चुके हैं।
भारत जहां श्रीलंका के खिलाफ उसकी की धरती पर 22 वर्षो का जीत का सूखा खत्म करना चाहेगा वहीं श्रीलंका अपने महानतम बल्लेबाज कुमार संगकारा के संन्यास के बाद नए युग की शुरुआत कर रहा है।
भारत 1993 के बाद से अब तक श्रीलंकाई धरती पर कोई भी टेस्ट श्रृंखला नहीं जीत सका है।
तीन मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम को गॉल में पहले टेस्ट मैच में 63 रन से हार झेलनी पड़ी थी, हालांकि पी. सारा ओवल मैदान में वापसी करते हुए उन्होंने 278 रनों से जीत हासिल कर ली।
भारत ने चोटिल विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के स्थान पर नमन ओझा को मौका दिया है। वह भारत के 285वें टेस्ट खिलाड़ी हैं। साथ ही चेतेश्वर पुजारा को भी अंतिम एकादश में जगह मिली है। पुजारा बीते साल सिडनी टेस्ट के बाद पहली बार खेल रहे हैं।
श्रीलंका ने भी तीन परिवर्तन किए हैं। जेहान मुबारक और दुष्मंथ चमीरा के स्थान पर नुवान प्रदीप और उपुल थरंगा को मौका मिला है। कुशल परेरा पदार्पण कर रहे हैं। थरंगा टीम में संगकारा का स्थान ले रहे हैं।
टीमें :
भारत : लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, नमन ओझा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अमित मिश्रा, इशांत शर्मा, उमेश यादव, स्टुअर्ट बिन्नी।
श्रीलंका : एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), लाहिरु थिरिमान्ने, कौशल सिल्वा, दिमुथ करुणारत्ने, दिनेश चांडिमल, उपुल थरंगा, कुशल परेरा, रंगना हेराथ, दिलुरुवन परेरा, थारिंदू कौशल, नुवन प्रदीप, धम्मिका प्रसाद, विश्वा फर्नाडो।