1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. डिविलियर्स, अमला ने दिलायी दक्षिण अफ्रीका को बड़ी जीत

डिविलियर्स, अमला ने दिलायी दक्षिण अफ्रीका को बड़ी जीत

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 22, 2016 11:30 am IST,  Updated : Feb 22, 2016 11:30 am IST

जोहानिसबर्ग: एबी डिविलियर्स और हाशिम अमला के तूफानी अर्धशतकों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को यहां इंग्लैंड के बड़े स्कोर को बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और दूसरे ट्वेंटी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट

ab devilliers- India TV Hindi
ab devilliers

जोहानिसबर्ग: एबी डिविलियर्स और हाशिम अमला के तूफानी अर्धशतकों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को यहां इंग्लैंड के बड़े स्कोर को बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और दूसरे ट्वेंटी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 32 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से जीत दर्ज करके दो मैचों की श्रृंखला 2-0 से जीती।

डिविलियर्स ने केवल 29 गेंद पर छह चौकों और छह छक्कों की मदद से 71 रन बनाये जबकि अमला ने 38 गेंद पर नाबाद 69 रन की पारी खेली जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल हैं। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये केवल 8.2 ओवर में 125 रन जोड़े जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 14.4 ओवर में एक विकेट पर 172 रन बनाकर दो मैचों की श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया।

इससे पहले इंग्लैंड ने अच्छी शुरूआत की लेकिन आखिर में उसने 14 रन के अंदर सात विकेट गंवाये और उसकी पूरी टीम 19.4 ओवर में 171 रन पर आउट हो गयी। उसकी तरफ से जोस बटलर ने सर्वाधिक 54 रन बनाये। उन्होंने कप्तान इयोन मोर्गन : 38 : के साथ चौथे विकेट के लिये 96 रन जोड़े। इनके अलावा जो रूट ने 34 रन का योगदान दिया।

डिविलियर्स और अमला ने तूफानी अंदाज में शुरूआत की। शुरू में केवल डिविलियर्स का बल्ला चला लेकिन जल्द ही अमला ने उनका साथ देना शुरू कर दिया। इससे दक्षिण अफ्रीका पावरप्ले के पहले छह ओवरों में ही बिना किसी नुकसान के 88 रन बनाने में सफल रहा। डिविलियर्स ने इसके तुरंत बाद केवल 21 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करके दक्षिण अफ्रीका की तरफ से अपने ही पिछले रिकार्ड में सुधार किया।

डिविलियर्स के पास टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे तेज शतक जमाने का मौका था लेकिन लेग स्पिनर आदिल राशिद की गेंद को छह रन के लिये भेजने के प्रयास में उन्होंने लांग आफ पर खड़े रूट को आसान कैच थमा दिया। उन्हें इस पारी के लिये मैन आफ द मैच चुना गया।

अमला ने भी 27 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। डिविलियर्स के आउट होने के बाद हालांकि चौके छक्कों की बरसात पर कुछ विराम लगा। कप्तान फाफ डु प्लेसिस : 21 गेंद पर नाबाद 22 : ने विजयी चौका लगाया।

इससे पहले इंग्लैंड का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 157 रन था। इसके बाद उसकी पारी का पतन शुरू हुआ। काइल एबोट की गेंद पर बटलर ने डु प्लेसिस को कवर में कैच थमाया। बेन स्टोक्स ने अगली गेंद वापस एबोट की तरफ खेल दी जिन्होंने उसे विकेटों की तरफ मोड़कर मोर्गन को रन आउट कर दिया।
इसके बाद तो बल्लेबाज आयराम गयाराम बन गये। एबोट सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 26 रन देकर तीन विकेट लिये। क्रिस मौरिस और कैगिसो रबादा ने दो . दो विकेट हासिल किये।

दक्षिण अफ्रीका ने केपटाउन में पहला टी20 मैच तीन विकेट से जीता था। इसके साथ ही इंग्लैंड का दक्षिण अफ्रीकी दौरा भी समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला 2-1 से जीती लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद वनडे श्रृंखला में पहले दो मैच गंवाने के बाद 3-2 से जीत दर्ज की और अब टी20 श्रृंखला के दोनों मैच जीते।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल