पुणे: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के इलिमिनेटर मुकाबले में अब्राहम डिविलियर्स के साथ अहम साझेदारी कर अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को जिताने वाले मंदीप सिंह ने कहा कि डिविलियर्स को खेलता देखते हुए उन्होंने बल्लेबाजी के बहुत से गुर सीखे। मंदीप ने कहा कि डिविलियर्स के साथ खेलते हुए उन्होंने सीखा कि शॉट लगाते वक्त भी अपना सर स्थिर रखना चाहिए।
गौरतलब है कि बुधवार को हुए इलिमिनेटर मैच में रॉयल चैलेंजर्स ने डिविलियर्स और मंदीप के बीच हुई 113 रनों की साझेदारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स को 71 रनों से मात दे दी।
आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर गुरुवार को मंदीप के हवाले से कहा गया है, "इससे मुझे अपने खेल में सुधार लाने में मदद मिली और मैंने अपनी बल्लेबाजी में सुधार का असर भी देखा।"
डिविलियर्स ने बीते इलिमिनेटर मुकाबले में 66 जबकि मंदीप ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली।
मंदीप ने कहा, "मैंने अपने सर को संतुलित रखने पर काम किया। इससे पहले जब में शॉट खेलता था तो शॉट लगाने के आखिरी क्षणों में मेरा सर ऑफ स्टम्प की ओर झुक जाता था। मैंने उनसे इस समस्या के बारे में बताया और इसमें सुधार लाने के लिए सुझाव मांगा। पहले मैं सोचता था कि शॉट खेलते वक्त बाजू फैले होने चाहिए जिसके कारण मेरा सर झुक जाता था।"
रॉयल चैलेंजर्स अब शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रांची के जेएससीए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दूसरा क्वालीफायर मैच खेलेंगे, जिसमें जीतने वाली टीम फाइनल में मुंबई इंडियंस का सामना करेगी।
मंदीप ने आगे कहा, "डिविलियर्स ने मेरी शंका का समाधान किया और शॉट खेलते वक्त भी सर मिडिल स्टम्प पर ही रखने के लिए कहा। यह बहुत ही तकनीकी बारिकी का मामला है पर मैंने उनसे ऐसी बहुत सी चीजें सीखीं और मैं अब भी अपने खेल में सुधार की कोशिश कर रहा हूं।"