1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट क्रिकेट को लेकर विराट के इस सुझाव का कुंबले ने किया समर्थन

टेस्ट क्रिकेट को लेकर विराट के इस सुझाव का कुंबले ने किया समर्थन

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 26, 2019 05:48 pm IST,  Updated : Oct 26, 2019 05:48 pm IST

पूर्व भारतीय कप्तान और कोच अनिल कुंबले ने स्टेडियम में दर्शकों की तादाद बढ़ाने के लिये विराट कोहली के टेस्ट मैचों के लिये पांच केंद्र रखने के विचार का समर्थन किया। 

टेस्ट क्रिकेट को लेकर...- India TV Hindi
टेस्ट क्रिकेट को लेकर विराट के इस सुझाव का कुंबले ने किया समर्थन Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान और कोच अनिल कुंबले ने स्टेडियम में दर्शकों की तादाद बढ़ाने के लिये विराट कोहली के टेस्ट मैचों के लिये पांच केंद्र रखने के विचार का समर्थन किया। कुंबले हालांकि चाहते हैं कि बीसीसीआई 80 और 90 के दशक की पुरानी परंपरा अपनाये जिसमें त्योहारों के दौरान टेस्ट मैच विशेष केंद्र में ही कराये जाते थे।

अस्सी और नब्बे के दशक के दौरान बीसीसीआई कैलेंडर में नव वर्ष के समय कोलकाता में और पोंगल के समय चेन्नई में टेस्ट मैच आयोजित किये जाते थे। कुंबले ने ‘क्रिकेटनेक्स्ट’ से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने का निश्चित रूप से यह एक तरीका रहा। इन्हें कुछ केंद्रों तक सीमित किया जाये और साथ ही टेस्ट मैच के समय को चुनना भी अहम होता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि त्योहारों के समय में पोंगल के दौरान टेस्ट मैच चेन्नई में होते थे। और सत्र की शुरूआत के समय में दिल्ली और बेंगलुरू में टेस्ट मैच होते थे। मुंबई और कोलकाता में टेस्ट मैच होते थे।’’

इस हफ्ते के शुरू में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची में हुए टेस्ट के दौरान काफी कम संख्या में दर्शक पहुंचे। इसके बाद कोहली ने भविष्य की घरेलू श्रृंखलाओं के लिये पांच स्थायी टेस्ट केंद्रों के विचार का सुझाव दिया जैसा कि इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया करते हैं।

कुंबले ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट के लिये इन केंद्रों को बढ़ावा देना भी अहम है जिसमें लोगों को पता होगा कि ये टेस्ट केंद्र हैं। इससे सत्र के शुरू में पता चल जायेगा कि यहां टेस्ट मैच होने है ताकि आप टेस्ट क्रिकेट के लिये टिकट बेच सको और सुनिश्चित करो कि दर्शक मैच देखने आयें।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल