मीरपुर: बांग्लादेश और श्रीलंका एशिया कप टी20 क्रिकेट के अहम राउंड रोबिन मुकाबले में कल जब यहां आमने सामने होंगे तो यह दोनों टीमों के तेज गेंदबाजी आक्रमण के बीच जंग होगी। यह मैच काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसकी विजेता टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगी।
बांग्लादेश के लिए इस मैच में जीत काफी मायने रखती है क्योंकि उसने अब तक दो मैच खेले हैं जिसमें एक जीत दर्ज की है जबकि टूर्नामेंट के पहले मैच में उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
दोनों टीमों ने अपने शुरूआती मुकाबलों में यूएई की कमजोर मानी जाने वाली टीम को हराया है। श्रीलंका को 14 रन की जीत के दौरान अधिक प्रयास नहीं करना पड़ा जबकि बांग्लादेश ने 51 रन की बड़ी जीत दर्ज की।
दोनों ही टीमों के बल्लेबाज हालांकि प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। श्रीलंका की टीम ने यूएई के अनुभवहीन आक्रमण के खिलाफ 129 रन बनाए जबकि बांग्लादेश की टीम कल 133 रन का स्कोर ही खड़ा कर सकी।
कल होने वाला यह मुकाबला मुख्य रूप से गेंदबाजों के बीच जंग होगा। श्रीलंका के गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कप्तान लसिथ मलिंगा करेंगे जिन्होंने यूएई के खिलाफ चार विकेट चटकाए। बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान भारत के खिलाफ नाकाम रहे लेकिन यूएई के खिलाफ उन्होंने शानदार गेंदबाजी की। यूएई के कप्तान अमजद जावेद ने भी स्वीकार किया था कि मुस्तफिजुर की धीमी आफ कटर को समझना आसान नहीं था।
मुस्तफिजुर का साथ देने के लिए बांग्लादेश टीम में अल अमीन, तास्किन अहमद और कप्तान मशरेफी मुर्तजा हंै जबकि मलिंगा की अगुआई वाले आक्रमण में अनुभवी नुवान कुलशेखरा, बायें हाथ के स्पिनर रंगना हेराथ और युवा दुष्मंता चमीरा शामिल हैं।
मुर्तजा और मलिंगा दोनों को अपने बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। बांग्लादेश के लिए शब्बीर रहमान और मिथुन अली ने एक एक मैच में अच्छा प्रदर्शन किया जबकि यूएई के खिलाफ महमूदुल्लाह रियाद ने प्रभावित किया।
श्रीलंका की ओर से दिनेश चांदीमल ने 50 रन की पारी खेली लेकिन तिलकरत्ने दिलशान 28 गेंद में 27 रन की पारी के दौरान प्रभावी नहीं दिखे।
श्रीलंका के पास इसके अलावा चामरा कपुगेदारा के रूप में अच्छा टी20 खिलाड़ी है लेकिन मलिंगा इस मैच में आलराउंडर तिसारा परेरा को भी मौका दे सकते हैं।