हैदराबाद: भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच को बचाने में नाकाम रहे बांग्लादेश के कप्तान मुश्फिकुर रहीम ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी टीम के पास भारतीय कप्तान विराट कोहली जैसा एक भी बल्लेबाज होता तो वे ऐसा कर सकते थे। मुश्फिकुर से पूछा गया कि क्या वह कोहली के इस विचार से सहमत हैं कि बैटिंग की बेसिक तकनीक से मेहमान टीम हार से बच सकती थी, उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘अगर आपकी बेसिक तकनीक विराट कोहली जैसी होती तो फिर आप टेस्ट मैचों में 50 के औसत से रन बनाते। तब आपको यहां तक कि आखिरी दिन मैच बचाने के लिए 7 बल्लेबाजों की जरूरत भी नहीं पड़ती। मैच ड्रॉ कराने के लिए 4 बल्लेबाज ही काफी होते।’
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने कहा, ‘दुर्भाग्य से हमारी टीम में विराट कोहली नहीं है।’ मुश्फिकुर से उन रिपोर्टों के बारे में पूछा गया कि उन्हें कप्तानी से हटाया जा सकता है, तो उन्होंने साफ किया कि वह कप्तानी से इस्तीफा नहीं देंगे और विकेटकीपिंग भी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, ‘मेरा औसत 34 या 33 है, फिर मैं बांग्लादेश का नंबर वन बल्लेबाज कैसे हो सकता हूं। अगर आप दो या तीन भूमिकाएं निभा रहे हो तो इसका मतलब है कि प्रबंधन को आप पर भरोसा है, इसलिए मुझे तीनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। यदि मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा हूं तो फिर मेरे भविष्य का फैसला करना बोर्ड का काम है। अभी मैं जो कर रहा हूं उसका पूरा मजा ले रहा हूं। आप ड्रेसिंग रूम के बजाय मैदान पर समय बिताकर अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा सकते हैं। वे लोग जो बाहर (BCB अधिकारी) बैठे हैं वे फैसला कर सकते हैं लेकिन जहां तक मेरा सवाल है तो मैं तीनों जिम्मेदारियों में खुश हूं।’

मुश्फिकुर रहीम और विराट कोहली। (AP फोटो)
मैच में अपने शतक के बारे में बांग्लादेश के कप्तान ने कहा, ‘एक टेस्ट बल्लेबाज के रूप में आपको यह पता होना चाहिए कि आपका ऑफ स्टंप कहां है। आपको गेंद छोड़ने की कला आनी चाहिए और आपका डिफेंस मजबूत होना चाहिए।’ तमीम इकबाल और शाकिब अल हसन जैसे सीनियर खिलाड़ियों के बेपरवाह रवैये के बारे में पूछने पर मुश्फिकुर ने कहा, ‘तमीम और शाकिब अलग तरह के खिलाड़ी हैं। उन्होंने बैटिंग का अपना तरीका तैयार किया होगा और वे उसी हिसाब से बल्लेबाजी करना चाहेंगे।’ मुश्फिकुर ने ताईजुल और मिराज की तुलना में शाकिब को कम ओवर देने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा, ‘हमारे पास 3 टॉप स्पिनर हैं और हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिए जो किफायती गेंदबाजी कर सकें। मुझे लगता है कि मिराज और ताईजुल ने अच्छा काम किया। शाकिब के होने का मतलब यह नहीं है कि मैं नए गेंदबाज (मिराज) को कम ओवर करने को दूं। इन 2 दिनों में मिराज और ताईजुल ने बेहतर भूमिका निभाई।’