कोलकाता: सौरव गांगुली टीम इंडिया के कोच बनकर बांग्लादेश जाएंगे या नहीं, ये सवाल अभी तक सवाल ही बनाया हुआ है। गांगुली के भारतीय क्रिकेट टीम के साथ कोच के रूप में जुड़ने की अटकलबाज़ियों के बीच बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि बोर्ड को अभी इस पर फैसला लेना है। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि टीम इंडिया के कोच का ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा।
कयास लगाए जा रहे हैं कि गांगुली टीम इंडिया के सलाहकार पैनल के अध्यक्ष, हाई परफॉर्मेंस मैनेजर, टीम डायरेक्टर या हेड कोच कुछ भी बनाए जा सकते हैं। फिलहाल रवि शास्त्री टीम इंडिया के डायरेक्टर पद पर तैनात है। लेकिन गांगुली की बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया से करीबी के चलते उनके कोच बनने की संभावनाएं ज्यादा जताई जा रही है।
ठाकुर ने यहां आईपीएल संचालन परिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, “सौरव ने भारतीय क्रिकेट में अमूल्य योगदान दिया है। वह महान क्रिकेटर हैं। इंतज़ार करना सही रहेगा और जो भी फैसला किया जाएगा, वह भारतीय क्रिकेट के हित में होगा। सौरव और कोच की भूमिका को लेकर मीडिया में काफी अटकलबाज़ी लग रही हैं। इस पर फैसला करने के लिए हमें कुछ वक्त दीजिए।”
ठाकुर को अभी बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया से उनसे आवास पर मिलना है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के सहयोग स्टाफ की घोषणा जल्द की जाएगी।
बीसीसीआई सचिव ने कहा, “हमने बांग्लादेश दौर के लिए टीम का चयन कर लिया है और जहां तक कोच और सहयोगी स्टाफ की बात है तो हम जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे। आज मैं यहां कोलकाता में हूं और अध्यक्ष से बात करूंगा इसलिए हम जल्द ही घोषणा करेंगे। डालमिया से बैठक के बाद बांग्लादेश सीरीज़ के संबंध में हम कुछ फैसले करेंगे। जब हम फैसला कर लेंगे तब औपचारिक घोषणा की जाएगी।”
भारत-पाक सीरीज़ पर सवाल
भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज़ की बहाली के बारे में ठाकुर ने कहा कि कई मुद्दों को निबटाया जाना बाकी है और आपसी सहमति के बाद ही दौरा होगा। उन्होंने कहा, “पीसीबी प्रमुख ने डालमिया और फिर मुझसे मुलाकात की थी। उन्होंने कुछ मसले उठाये थे। कई चीज़ें हैं जिन पर गौर किया जाना है। कुछ मुद्दों पर समझौता हो जाने के बाद हम औपचारिक घोषणा कर देंगे।”
सचिन तेंदुलकर को सलाहकार समिति में लेने संबंधी रिपोर्ट्स के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, “हम सलाहकार बोर्ड के लिए कई क्रिकेटरों से बात कर रहे हैं। हम कोई फैसला करने से पहले इंतज़ार कर रहे हैं। बाद में एक औपचारिक समिति गठित कर दी जाएगी।”
‘शुक्ला और मैं जय-वीरू जैसे’
उन्होंने इस अवसर पर मौजूद आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला की भी आईपीएल-8 के बिना विवादों के समापन के लिए तारीफ की। ठाकुर ने कहा, “आईपीएल-8 बहुत सफल रहा। सभी फ्रेंचाइज़ी ने अपनी तरफ से प्रयास किए और चेयरमैन ने दिन-रात काम किया। शुक्ला के सक्षम नेतृत्व में यह विवाद मुक्त टूर्नामेंट रहा।”
उन्होंने हल्के-फुल्के मूड में कहा कि शुक्ला के साथ उनकी दोस्ती शोले के ‘जय और वीरू’ जैसी है।