वेलिंगटन: न्यूजीलैंड के आक्रामक बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम ने आज कहा कि वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में होने वाली टेस्ट श्रृंखला के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। न्यूजीलैंड के कप्तान मैकुलम का 101वां और आखिरी टेस्ट आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टेस्ट होगा जो उनके शहर क्राइस्टचर्च में 20 फरवरी को खेला जायेगा। मैकुलम ने कहा , मैने न्यूजीलैंड के लिये खेलने और कप्तानी का पूरा लुत्फ उठाया। उन्होंने कहा कि वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेल को अलविदा कहना चाहते हैं। टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 100 छक्कों का रिकार्ड एडम गिलक्रिस्ट के साथ बांटने वाले मैकुलम ने कहा कि यह अपनी उपलब्धियों पर रश्क करने का समय नहीं है।
उन्होंने कहा , वह काम कैरियर खत्म होने के बाद किया जायेगा। फिलहाल मेरा पूरा फोकस आने वाले कुछ सप्ताह पर है जिसमें मैं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके टीम की जीत में योगदान देना चाहूंगा। मैकुलम ने यह भी कहा कि पिछले महीने लंदन में क्रिस केन्र्स के खिलाफ मैच फिक्सिंग मामले में गवाही देने का उनके इस फैसले से कोई सरोकार नहीं है। केन्र्स को अदालत ने क्लीन चिट दे दी जिसके बाद उसने मैकुलम को यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह अभियोजन के गवाह के रूप में क्यो पेश हुए थे।
मैकुलम की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने 31 में से 11 टेस्ट जीते और 11 ड्रा रहे। वनडे कप्तान के रूप में उनकी कामयाबी का प्रतिशत 59 . 43 रहा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण 2002 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था जिसके दो साल बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट खेला। उन्होंने 99 टेस्ट में 11 शतक लगाये और न्यूजीलैंड के अकेले तथा दुनिया के 24वें खिलाड़ी हैं जिसने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ा है। टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिये उन्होंने स्टीफन फ्लेमिंग के बाद सर्वाधिक 6172 रन बनाये हैं। टी20 क्रिकेट में भी उनके नाम संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्कों (91) का रिकार्ड है।