1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 8 : बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपर किंग्स की 1 रन से जीत

IPL 8 : बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपर किंग्स की 1 रन से जीत

 Written By: IANS
 Published : Apr 10, 2015 08:18 am IST,  Updated : Apr 13, 2015 02:43 pm IST

चेन्नई: एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के दूसरे मैच में एल्बी मोर्कल (नाबाद 73) की संघर्षपूर्ण नायाब पारी के बावजूद दिल्ली डेयरडेविल्स टीम चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों

IPL 8 : बेहद रोमांचक...- India TV Hindi
IPL 8 : बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपर किंग्स की 1 रन से जीत

चेन्नई: एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के दूसरे मैच में एल्बी मोर्कल (नाबाद 73) की संघर्षपूर्ण नायाब पारी के बावजूद दिल्ली डेयरडेविल्स टीम चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों एक रन से हार गई। सुपर किंग्स से मिले 151 रनों के जवाब में डेयरडेविल्स निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 149 रन ही बना सके।

लक्ष्य की पीछा करने उतरी डेयरडेविल्स को आशीष नेहरा ने तीसरे ओवर में ही शुरुआती दो झटके दे दिए। चिदंबरम गौतम (4) और मयंक अग्रवाल (15) की सलामी जोड़ी तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गई।

आईपीएल में पदार्पण मैच खेलने उतरे श्रेयष अय्यर (7) भी कुछ खास नहीं कर सके और नेहरा के तीसरे शिकार बने।

इसके बाद मोर्कल ने पिछले संस्करण के डेयरडेविल्स के सर्वोच्च स्कोरर रहे केदार जाधव (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी कर टीम को कुछ हद तक संभाल लिया।

मोहित शर्मा द्वारा लाए गए चौदहवें ओवर की पहली गेंद पर 87 के कुल योग पर जाधव का विकेट गिरने के साथ ही डेयरडेविल्स के विकेटों के गिरने का सिलसिला एकबार फिर शुरू हो गया।

सुपर किंग्स ने आखिर के आठ ओवरों में डेयरडेविल्स के सात विकेट चटकाए और 67 रन दिए। कप्तान ज्यां पॉल ड्यूमिनी (5) और आईपीएल-8 के सबसे मंहगे खिलाड़ी युवराज सिंह (9) के विकेट भी इनमें शामिल हैं।

रोमांचक हो चले मुकाबले में डेयरडेविल्स को आखिरी छह गेंदों पर जीत के लिए 19 रनों की दरकार थी और पहली ही गेंद पर मोर्कल ने चौका जड़कर जीत की उम्मीदें जिंदा रखीं। इमरान ताहिर तीसरी गेंद पर रैना के हाथों लपके गए हालांकि इस बीच मोर्कल छोर बदलने में सफल रहे।

आखिरी के तीन गेदों पर अब जीत के लिए 14 रनों की दरकार थी और मोर्कल ने चौथी गेंद पर शानदार छक्का जड़ा और पांचवीं गेंद पर दो रन लिए। अब आखिरी गेंद पर डेयरडेविल्स को जीत के लिए छक्के की जरूरत थी और मोर्कल ने शानदार शॉट खेला हालांकि गेंद सीमारेखा पार करने से पहले एक टप्पा खा गई और डेयरडेविल्स जीत से एक रन पीछे रह गए।

मोर्कल ने अपनी अविस्मरणीय पारी में 55 गेंदों का सामना कर आठ चौके और एक छक्का जड़ा और अंत तक नाबाद रहे।

नेहरा ने सुपर किंग्स के लिए चार ओवरों में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सुपर किंग्स ने ड्वायन स्मिथ (34), फॉफ डू प्लेसिस (32) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (30) की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट गंवाकर 150 रन बनाए।

स्मिथ ने पहले ही ओवर में 16 रन बनाकर शुरुआत तो विस्फोटक की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार गिरते विकेटों से टीम दबाव में आ गई। ब्रेंडन मैक्लम (4) दूसरे ही ओवर की दूसरी गेंद पर युवराज सिंह को कैच थमा बैठे। मैक्लम का विकेट नाथन कोल्टर नील ने लिया।

कोल्टर नील ने अपने अगले ओवर की आखिरी गेंद पर सुरेश रैना (4) का भी विकेट चटका दिया और डेयरडेविल्स को शुरुआती दो सफलताएं दिला दीं।

इसके बाद स्मिथ का साथ देने आए प्लेसिस अभी तीसरे विकेट के लिए 33 रन ही जोड़ पाए थे कि स्मिथ इमरान ताहिर की गेंद पर कोल्टर नील के हाथों लपके गए। नौवें ओवर की पहली गेंद पर 71 के कुल योग पर स्मिथ का विकेट गिरा। स्मिथ ने 31 गेंदों में छह चौके लगाए।

स्मिथ के जाने के बाद सुपर किंग्स की रन गति धीमी पड़ गई। 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर 100 रन के कुल योग पर प्लेसिस का विकेट गिरने के बाद तो अगले पांच ओवरों (14वें से 18वें ओवर तक) में सुपर किंग्स के बल्लेबाज सिर्फ 20 रन जोड़ सके। इस बीच रवींद्र जडेजा (17) और ड्वेन ब्रावो (1) के रूप में उनके दो विकेट और गिरे।

कप्तान धौनी ने संघर्षपूर्ण रुख अपनाया और टिक कर खेलते रहे, हालांकि आखिरी ओवर में बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में वह मयंक अग्रवाल के हाथों लपक लिए गए।

धौनी ने आखिरी ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर दो छक्के लगाए और पांचवीं गेंद पर भी उन्होंने बड़ा शॉट खेला, लेकिन गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से का मोटा ऊपरी किनारा लेकर काफी ऊपर चली गई। उन्होंने 27 गेंदों का सामना कर एक चौका और दो छक्का लगाया।

डेयरडेविल्स के लिए कोल्टर नील सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवरों के अपने स्पेल में 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल