मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तकनीकी समिति ने मुंबई इंडियंस को चोटिल हरफनमौला खिलाड़ी कोरी एंडरसन का स्थानापन्न रखने की अनुमति सोमवार को दे दी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव अनुराग ठाकुर, सौरव दासगुप्ता, सुबीर गांगुली, सौरव गांगुली और रवि शास्त्री की समिति ने इसे मंजूरी दी।
बीसीसीआई द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया, "कोरे एंडरसन को आईपीएल के लीग चरण के खत्म होने के बाद न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम से जुड़ना है। उन्हें 14 और 17 अप्रैल को बाएं हाथ में चोट लगी। इसके बाद से वह लीग मैचों में नहीं खेल सके।"
बीसीसीआई के अनुसार मुंबई इंडियंस टीम अगर एंडरसन के स्थान पर किसी खिलाड़ी को चुनती है तो उसे जारी संस्करण में खेलने की इजाजत होगी।
मुंबई इंडियंस ने अभी किसी स्थानापन्न खिलाड़ी की घोषणा नहीं की है।