ढाका: वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के स्टार बॉलर रहे रुबेल हुसैन पर लगा रेप के आरोप का दाग धुल गया है। ढाका की एक कोर्ट ने रुबेल हुसैन को बांग्लादेशी एक्ट्रेस नाज़नीन अख़्तर द्वारा लगाए गए रेप के आरोप से बरी कर दिया है।
वेबसाइट क्रिकइंफो के मुताबिक, कोर्ट में पेश होने की वजह से रुबेल को मीरपुर के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में हुए फिटनेस टेस्ट को भी मिस करना पड़ा। उनका ये फिटनेस टेस्ट अगले महीने होने वाली भारत-बांग्लादेश घरेलू सीरीज़ के लिए होना था।
जज तनजीना इस्माइल ने नाज़नीन अख़्तर की अर्ज़ी को खारिज करते हुए रुबेल के पक्ष में फैसला सुनाया। अख़्तर ने 17 मई को पुलिस द्वारा दर्ज की गई केस फाइल रिपोर्ट पर नो-कॉन्फिडेंस याचिका फाइल करवाई थी, जिसे जज ने खारिज कर दिया। याचिका में उन्होंने कोर्ट को बताया कि पुलिस ने रेप के मामले के आठ गवाहों से पूछताछ तक नहीं की। इन गवाहों में उनका भाई भी शामिल था। उन्होंने कोर्ट से मामले की अग्रिम जांच करने की मांग भी की। जबकि पुलिस इंस्पेक्टर हालिमा खातून द्वारा 6 अप्रैल को सब्मिट की गई अंतिम रिपोर्ट में गवाहों की गैर-मौजूदगी की वजह से रुबेल को बरी करने की अपील की गई थी।

लव, सेक्स और धोखे का आरोप?
दरअसल, मामला पिछले साल 13 दिसंबर का है। तब बांग्लादेशी एक्ट्रेस नाज़नीन अख़्तर ने रुबेल पर शादी का झूठा वादा करने के लिए उन पर महिला उत्पीड़न कानून के तहत रेप का मामला दर्ज करवाया था। रुबेल को दो दिन बाद ही ज़मानत मिल गई लेकिन उन्हें जनवरी में ढाका मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष सरेंडर करना पड़ा और उन्हें जेल भी जाना पड़ा। तीन दिन बाद उन्हें फिर ज़मानत मिल गई और आखिरकार कोर्ट ने उन्हें वर्ल्ड कप 2015 के लिए विदेश यात्रा की अनुमति भी दे दी।
हालांकि वर्ल्ड कप में रुबेल हुसैन की शानदार बॉलिंग के बाद नाज़नीन अख्तर ने रुबेल पर लगे आरोप वापस लेने की बात भी की, लेकिन बाद में वे अपनी बात से पलट गईं।