नई दिल्ली: भारत के 481 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन लंच तक दूसरी पारी में 1 विकेट पर 5 रन बनाए।
भारत ने इससे पहले पांच विकेट पर 267 रन बनाने के बाद अपनी दूसरी पारी घोषित की थी।
अजिंक्य रहाणे (नाबाद 100) और कप्तान विराट कोहली (88) की शानदार पारियों की मदद से भारतीय क्रिकेट टीम ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को दक्षिण अफ्रीका के सामने 481 रनों का लक्ष्य रखा। भारत ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 267 रनों पर घोषित की। रहाणे ने पहली पारी में भी 127 रन बनाए थे। दूसरी पारी में रहाणे 206 गेंदों का सामना कर आठ चौके और तीन छक्के लगाए।
दूसरी पारी में भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने भी 88 रनों का योगदान दिया। रिद्धिमान साहा 23 रनों पर नाबाद लौटे। साहा और रहाणे ने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। चौथे दिन भारत ने कोहली का विकेट गंवाया। रहाणे के साथ पांचवें विकेट के लिए 154 रनों की साझेदारी करने वाले कोहली ने केल एबॉट की गेंद पर पगबाधा होने से पहले 165 गेंदों का सामना कर 10 चौके लगाए।
तीसरे दिन स्टम्प्स तक रहाणे 52 और कोहली 83 पर नाबाद लौटे थे। भारत ने 81 ओवरों का सामना किया था और 100.1 ओवरों के बाद पारी घोषित की। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्ने मोर्कल ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। इमरान ताहिर और एबॉट को एक-एक सफलता मिली।