1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्रिकेट: इंग्लैंड के बांग्लादेश दौरे पर छाए शंका के बादल

क्रिकेट: इंग्लैंड के बांग्लादेश दौरे पर छाए शंका के बादल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 03, 2016 08:07 pm IST,  Updated : Jul 03, 2016 08:07 pm IST

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने रविवार को कहा कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकवादी हमले को देखते हुए वह टीम के बांग्लादेश दौरे के लिए सरकार के निर्देशों का पालन करेगा।

england- India TV Hindi
england

ढाका: इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने रविवार को कहा कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकवादी हमले को देखते हुए वह टीम के बांग्लादेश दौरे के लिए सरकार के निर्देशों का पालन करेगा। ढाका के रेस्तरां में शुक्रवार की रात 7 आतंकवादियों ने 20 लोगों की निर्मम तरीके से हत्या कर दी, जिसमें अधिकांश विदेशी नागरिक थे। आतंकवादियों ने 12 घंटे तक 30 से अधिक लोगों को रेस्तरां के अंदर बंधक बना रखा था।

बांग्लादेश के सुरक्षा बलों ने 12 घंटे की मशक्कत के बाद सात में छह आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता पाई। एक अन्य आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया। हमले में दो अन्य पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई।

वेबसाइट 'बीडीन्यूज24 डॉट कॉम' के अनुसार इंग्लैंड क्रिकेट टीम 30 सितंबर से बांग्लादेश दौरे पर आने वाली है। ECB ने कहा है कि वह विदेश एवं राष्ट्रमंडल कार्यालय के संपर्क में है तथा अपने सुरक्षा विशेषज्ञों की राय के बाद ही बांग्लादेश दौरे के संबंध में आखिरी निर्णय लेगा। ECB के एक प्रवक्ता ने कहा, "हम अगले कुछ सप्ताह और महीने बांग्लादेश के भीतरी हालात पर नजर रखेंगे और दौरे के लिए सुरक्षा बंदोबस्त का दौरे से पहले गहन परीक्षण करेंगे।"

गौरतलब है कि पिछले वर्ष आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने भी अपनी सरकार से संभावित आतंकवादी हमले की चेतावनी मिलने के बाद बांग्लादेश का दौरा रद्द कर दिया था। उसके कुछ ही महीने बाद बांग्लादेश की मेजबानी में हुए यूथ विश्व कप में भी आस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम ने हिस्सा नहीं लिया था। पिछले सप्ताह ही इंग्लैंड के पांच सप्ताह लंबे बांग्लादेश दौरे के प्रारंभिक कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। इंग्लैंड इस दौरे पर बांग्लादेश के साथ दो टेस्ट और तीन अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच खेलने वाला है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल