कोलकाता: भारत और पाकिस्तान के बीच यहां 19 मार्च को होने वाले बहुप्रतीक्षित विश्व टी-20 मैच को लेकर बनी हाईप के बीच भारत की विश्व कप विजेता टीम के खिलाड़ी रहे गौतम गंभीर ने आज कहा कि टीम का ध्यान खिताब जीतने पर होना चाहिए।
वर्ष 2007 में विश्व टी20 और 2011 में विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे गंभीर ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, यह सब मीडिया ने टीआरपी हासिल करने के लिए माहौल तैयार किया है। उस मैच से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि जो भी विश्व कप में खेलता है वह ट्रॉफी जीतना चाहता है। भारत और पाकिस्तान सिर्फ एक अन्य मैच की तरह है।
उन्होंने कहा, लोग इसे लेकर हाईप बनाते हैं लेकिन अगर आप खिलाड़ी से पूछें तो वे इसे उस मैच की तरह नहीं देखते। बड़ा लक्ष्य विश्व कप जीतना होता है।