विशाखापट्टनम: आईपीएल-8 के 19वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 16 रनों से हरा दिया। बारिश के चलते 12 ओवरों में 118 रनों के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता ने सिर्फ 101 रन बनाए जिसमें उथप्पा ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। कप्तान गंभीर ने केवल 4 रनों की पारी खेली वहीं पांडे ने 33, रसेल ने 19, पठान ने 6 और यादव ने 2 रनों का योगदान दिया।
इससे पूर्व सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 177 रनों का लक्ष्य रखा था। सनराइजर्स की ओर से कप्तान डेविड वार्नर (91) और शिखर धवन (54) ने पहले विकेट के लिए 14.2 ओवरों में 130 रनों की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
वार्नर ने 55 गेंदों की पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। आईपीएल के इस संस्करण में यह उनका तीसरा अर्धशतक है।
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ने उन्हें विकेट के पीछे रोबिन उथप्पा के हाथों कैच कराया। वार्नर के आउट होने के बाद हालांकि बाकी के बल्लेबाज बेहतर शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके।
दूसरे विकेट के रूप में रवि बोपारा (2) का भी विकेट मोर्कल ने हासिल किया। इसके बाद तेजी से रन बटोरने के प्रयास में धवन भी आंद्रे रसेल की गेंद पर कैच आउट हुए। धवन ने 46 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।
नमन ओझा ने आठ गेंदों में दो छक्कों और एक चौके की मदद से 18 रन बनाए तथा चौथे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। सनराइजर्स वार्नर के पवेलियन लौटने के बाद आखिरी 34 गेंदों में सिर्फ 47 रन जोड़ सके।
नाइट राइडर्स की ओर से मोर्कल को दो सफलता मिली। उमेश यादव और रसेल ने एक-एक विकेट हासिल किया।