हैदराबाद: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को अपनी दूसरी0 पारी में चायकाल तक बांग्लादेश के खिलाफ 4 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाकर 458 रनों की बढ़त लेते हुए अपनी पारी घोषित कर दी। इस तरह से टीम इंडिया ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 459 रनों का टारगेट रखा है। राजीव गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे इकलौते टेस्ट मैच में भारत के लिए चेतेश्वर पुजारा 54 और रवींद्र जडेजा 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 31 रनों की नाबाद साझेदादी हुई थी।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भारत को दिन का पहला झटका मुरली विजय (7) के रूप में लगा। उन्हें तस्कीन अहमद ने मुश्फिकुर रहीम के हाथों कैच आउट कर पवेलियन भेजा। इसके बाद तस्कीन ने लोकेश राहुल (10) को भी ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिकने दिया और 23 के कुल योग पर रहीम के हाथों कैच आउट कर मेजबान टीम का दूसरा विकेट गिराया। राहुल के आउट होने के बाद भारत की पारी संभालने आए कप्तान विराट कोहली (38) और पुजारा ने तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 90 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर शाकिब अल-हसन ने महमुदुल्ला के हाथों कोहली को कैच आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कोहली के बाद पुजारा का साथ देने आए अजिंक्य रहाणे (28) को भी शाकिब ने पगबाधा आउट कर भारतीय टीम का चौथा विकेट गिराया। बांग्लादेश के लिए तस्कीन और शाकिब ने 2-2 विकेट लिए।

मुश्फिकुर रहीम। (AP फोटो)
इससे पहले, अपने पहले दिन के स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 322 रनों से आगे खेलने उतरी मेहमान टीम चौथे दिन खाते में 66 रन ही जोड़ पाई और बाकी के 4 विकेट गंवा कर पवेलियन लौट गई। मेहमान टीम को दिन का पहला झटका हसन के रूप में लगा। दिन की चौथी गेंद पर ही भुवनेश्वर कुमार ने उनके विकेट उखाड़ दिए। टीम के खाते में वह एक भी रन का इजाफा नहीं कर पाए थे। दूसरी छोर पर खड़े कप्तान को तईजुल इस्लाम (10) का साथ भी नहीं मिला। उन्हें उमेश यादव ने विकेट के पीछे रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। तस्कीन ने कप्तान का साथ देने की कोशिश की। 121वें ओवर में जडेजा ने 368 के कुल स्कोर पर उनके खिलाफ कैच की अपील की, जिसे मैदानी अंपायर ने आउट करार दिया, लेकिन तस्कीन ने इस पर रिव्यू मांगा और मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। 4 ओवर बाद जडेजा ने तस्कीन को स्लिप पर खड़े रहाणे के हाथों कैच कर पवेलियन भेजा।

मुश्फिकुर रहीम और मेहदी हसन। (AP फोटो)
पांव जमाकर खड़े कप्तान रहीम की पारी का अंत करते हुए अश्विन ने बांग्लादेश की पारी 388 रनों पर ही समाप्त कर दी। भारत की तरफ से उमेश यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जडेजा, अश्विन को 2-2 विकेट मिले। ईशांत शर्मा और भुवनेश्वर को एक-एक विकेट मिला। इससे पहले, भारत ने कप्तान विराट कोहली (204), मुरली विजय (108), रिद्धिमान साहा (106), चेतेश्वर पुजारा (83), अजिंक्य रहाणे (82), रवींद्र जडेजा (नाबाद 60) की बेहतरीन पारियों की बदौलत अपनी पहली पारी 6 विकेट के नुकसान पर 687 रनों पर शुक्रवार को घोषित कर दी थी।