हैदराबाद: बांग्लादेश ने आज यहां भारत के ख़िलाफ़ एकलौते टेस्ट मैच के तीसरे दिन भोजनकाल तक अपनी पहली पारी में चार विकेट खोकर 125 रन बना लिए हैं और वह भारत के स्कोर से अभी भी 562 रन पीछे है। इस समय शाकिब (29) और कप्तान मुश्फिकुर रहमान (6) क्रीज़ पर हैं।
आज बांग्लादेश ने कल के स्कोर 41/1 से आगे खेलना शुरु किया लेकिन अभी स्कोर में तीन रन ही जुड़े थे कि तमीम इक़बाल (24) ग़फ़लत की वजह से रन आउट हो गए। इसके बाद मोहमुद्दुलाह ने कल के नॉट आउट बल्लेबाज़ मोमिनुल हक़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े लेकिन तभी फिर बांग्लादेश ने एक और विकेट गंवा दिया। इस बार हक़ (12) को यादव ने lbw कर दिया।
यादव और ईशांत की घातक गेंदबाज़ी के सामने मोहमुद्दुलाह और अनुभवी शाकिब अल हसन ने चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़े और स्कोर को 109 तक पहुंचा दिया। ईशांत शर्मा ने तभी मोहमुद्दुलाह (28) को lbw कर इस साझेदारी का अंत कर दिया।