1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पांचवां वनडे जीत जाती न्यूजीलैंड अगर विलियमसन ले लेते ये फैसला! अब जताया अफसोस

पांचवां वनडे जीत जाती न्यूजीलैंड अगर विलियमसन ले लेते ये फैसला! अब जताया अफसोस

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 03, 2019 09:21 pm IST,  Updated : Feb 03, 2019 09:21 pm IST

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने रविवार को भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला का पांचवां और अंतिम मैच गंवाने के बाद कहा कि अनुभवी रोस टेलर के एलबीडब्लू आउट होने के बाद डीआरएस नहीं लेने का उन्हें अफसोस है।

Kane Williamson- India TV Hindi
Kane Williamson Image Source : AP IMAGE

वेलिंगटन। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने रविवार को भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला का पांचवां और अंतिम मैच गंवाने के बाद कहा कि अनुभवी रोस टेलर के एलबीडब्लू आउट होने के बाद डीआरएस नहीं लेने का उन्हें अफसोस है। जीत के 253 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में पंड्या ने फॉर्म में चल रहे टेलर (एक) को एलबीडब्लू  आउट कर दिया जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 38 रन हो गया।

गेंद टेलर के घुटने के ऊपर लगी थी और मैदानी अंपायर के द्वारा आउट दिये जाने के बाद उन्होंने दूसरे छोर पर खड़े विलियमसन से बात करने के बाद पवेलियन का रूख कर लिया। टेलीविजन रिप्ले में हालांकि देखा गया कि गेंद विकेट के ऊपर से निकल रही थी। 

विलियमसन ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘मुझे इसके बारे मे जल्द ही पता चल गया और यह काफी निराशाजनक था। रोस (टेलर) शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे ऐसे में जब आपको अपनी गलती का एहसास होता है तो दिल दुखता है।’’ 

इन दोनों खिलाड़ियों के पास मैदानी अंपायर के फैसले को चुनौती देने के लिए 15 सेकेंड का समय था लेकिन विलियमसन से कोई इशारा नहीं मिलने पर टेलर ने पवेलियन का रूख कर लिया। 

उन्होंने कहा,‘‘हां, वह मेरे पास आये और बोले क्या हमें डीआरएस लेना चाहिए, शायद गेंद थोड़ी ज्यादा ऊंची थी। दुर्भाग्य से हमने डीआरएस नहीं लेने का फैसला किया।’’ 

हरफनमौला जिमी नीशाम भी विकेट के पीछे महेन्द्र सिंह धोनी की चपलता से आउट हुये। उनके खिलाफ पगबाधा की अपील हुई और वह क्रीज के बाहर खड़े थे जब तब धोनी ने स्टंप्स बिखेर दी। 

विलियमसन ने कहा, ‘‘ हां, वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। वह ऐसे आउट होना नहीं चाहते थे। यह लापरवाही का नतीजा है। वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और मिशेल सैंटनर के साथ उनकी साझेदारी से हमें जीत की उम्मीद थी।’’ 

विलियमसन ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने न्यूजीलैंड पर दबाव बनाये रखा। उन्होंने कहा,‘‘मुझे लगता है पूरी श्रृंखला के दौरान भारतीय टीम हम से कहीं बेहतर रही और गेंदबाजी इकाई के तौर पर वे शानदर थे। तेज और स्पिन गेंदबाजों की सटीकता ने हम पर दबाव बनाये रखा।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल