बर्मिंघम: चैंपियंस ट्रॉफ़ी का पहला मैच आज मेज़बान और ख़िताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच है लेकिन सभी की नज़रें 4 जून को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर टिकी हुई हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ज़्यादातर पाकिस्तान को पटख़नी दी है और यहां भी उसका ही पलड़ा भारी नज़र आता है और माहौल में ज़बरदस्त उत्साह है लेकिन पाकिस्तान इसे कोई तवज्जो नहीं दे रहा है।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ अज़हर अली का कहना है कि चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ मैच को वे एक आम मैच की तरह ही खेलेंगे। उन्होंने कहा कि बढ़ी अपेक्षाओं के बावजूद वे इसे एक आम मैच की तरह ले रहे हैं।
अज़हर ने एजबेस्टन में अभ्यास सत्र के बाद कहा, मेरा मानना है कि जब खेल शुरू होगा तो सभी खिलाड़ी इसे आराम से लेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी परिस्थितियों के हिसाब से खेलते हैं। वह टीम की ज़रूरतों के हिसाब से खेलते हैं। खिलाड़ी पेशेवर हैं इसलिए वे यह सोचने के बजाय कि वह किसके खिलाफ खेल रहे हैं, खुद को परिस्थितियों के हिसाब से ढाल लेते हैं। यह गेंद और बल्ले का खेल है और आप इन दोनों से अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हो।
अज़हर ने कहा कि एक पेशेवर होने के नाते आपको इसे एक मैच की तरह लेना होता है। कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच आसान नहीं होता है। आपको उसके लिये कड़ी मेहनत करनी होती है और भारत के खिलाफ भी ऐसा ही होगा। प्रत्येक टीम में जब भी खिलाड़ी अपनी राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनता है तो उसका उद्देश्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। यह दोनों टीमों पर लागू होगा।
उन्होंने कहा, हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं हमारा पूरा ध्यान उस पर है। हम इसे आम मैच की तरह ले रहे हैं। हमसे काफी उम्मीदें लगायी गयी हैं। हम इन पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
अजहर खुद पर अधिक दबाव नहीं बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, अगर आप खुद से बहुत अधिक उम्मीद लगा बैठते हो तो आप खुद पर दबाव बना दोगे। मैं अपनी फिटनेस और फार्म में खुश हूं और क्रीज पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। टूर्नामेंट में भाग ले रहा हर खिलाड़ी ऐसा चाहता है।