टीम इंडिया के सूत्रों पर अगर भरोसा किया जाय तो कप्तान विराट कोहली और कोच अनिल कुंबले के बीच न सिर्फ सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है बल्कि तनातनी की स्थिति पैदा हो गई है। इन सूत्रों के मुताबिक़ कोहली और कई सीनियर प्लेयर कुंबले के तौर-तरीके से नाराज़ हैं। इन ख़बरों के बीच कुंबले और कोहली के बीच सब कुछ सही कराने की कोशिशें शुरू हो चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक अडवाइडरी पैनल के मेंबर और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर, सौरभ गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण दोनों के बीच समझौता करा सकते हैं।
विडंबना ये है कि यह ख़बर ऐसे वक्त आ रही है जब टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले की तैयारियों में जुटी है। टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ 4 जून को टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेलेगी।
कोहली नहीं चाहते कुंबले को लंबे समय के लिए
माना जा रहा है कि इस मामले से निपटने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित कमिटी ऑफ अडमिनिस्ट्रेटर्स के चेयरमैन विनोद राय तीन सदस्यीय पैनल से चर्चा के लिए मिल सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के बाद कोहली और गांगुली के बीच इस बारे में बात हुई थी। अब इस बारे में खुलकर बात हो सकती है। कहा जा रहा है कि बीसीसीआई में एक तबका अनिल कुंबले को कोच के तौर पर विस्तार देने के मूड में है लेकिन बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार कोहली अनिल कुंबले के साथ लंबे समय तक काम करने के लिए तैयार नहीं हैं।
कुंबले का कॉन्टैक्ट चैंपियंस ट्रॉफी के बाद समाप्त हो रहा है। दूसरी तरफ बोर्ड भी कुंबले को सीधे एक्सटेंशन देने की बजाय कोच के चयन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। एक सूत्र ने कहा, 'अनुशासन समिति टीम के प्रतिदिन के कार्यों से जुड़ी नहीं होती। नए कोच के चुनाव का अधिकार तीन सदस्यीय पैनल को सौंपा गया है। अनुशासन समिति या फिर बोर्ड के अधिकारी इस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं होंगे।'
राहुल द्रविड़ होंगे टीम इंडिया के नये कोच?
पिछले दिनों कुछ मीडिया ख़बरों में कहा गया था कि बीसीसीआई के कुछ अधिकारियों ने वीरेंद्र सहवाग से कोच पद के लिए आवेदन करने को कहा है। हालांकि वीरेंद्र सहवाग ने संपर्क किए जाने पर ऐसे प्रस्ताव से इनकार किया और कोच बनने में भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद रवि शास्त्री पर फोकस गया, लेकिन उन्होंने भी इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। सूत्रों का कहना है कि ऐसी स्थिति में ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी एक बार फिर से संभावित दावेदार हो सकते हैं। हालांकि बीसीसीआई में एक तबका चाहता है कि राहुल द्रविड़ इस पद के लिए आवेदन करें। इस बीच अनुशासन समिति ने सलाहकार पैनल से कोच और खिलाड़ियों के बीच मतभेद खत्म कराने को कहा है।