लंदन: चैंपियंस ट्रॉफ़ी के उद्घाटन मैच में इंग्लैंड ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनर तमीम इक़बाल के शानदार शतक की बदौलत 50 ओवर में 305 रन बनाए। जवाब में बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 47.2 ओवर में 308 रन बनाकर मैच जीत लिया। इंग्लैंड की तरफ से जो रूट ने 129 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद133 रन बनाए। मॉर्गन ने 61 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली। जबकि हेल्स ने 95 रन बनाए।
इससे पहले ओपनर तमीम इक़बाल के शानदार शतक की बदौलत बांग्लादेश ने मेज़बान इंग्लैंड के ख़िलाफ़ निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोलकर 305 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड का बॉलिंग अटैक को मज़बूत माना जा रहा है लेकिन तमीम ने उसकी बखियां उधेड़ते हुए चैंपियंस ट्रॉफ़ी के उद्घाटन मैच में ऐसा शतक जड़ा की मैदान में सन्नाटा छा गया। लग रहा था मानो पूरे मैदान में सिर्फ बांग्लादेशी दर्शक ही मैच का लुत्फ रहे हों। तमीम के अलावा मुश्फिकुर रहीम (79) ने भी शानदार बैटिंग की।
तमीम ने साथी ओपनर सौम्य सरकार (28) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। सरकार के आउट होने के बाद इमरुल क़ैस (19) भी ज़्यादा देर नहीं टिक सके और आउट हो गए।
95 पर दो विकेट गिरने के बाद तमीम ने मुश्फिकुर रहीम (79) के साथ अटैकिंग बैटिंग करनी शुरु की और मैदान में चौक्कों, छक्कों की झड़ी लगा दी। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 166 रन जोड़े। एक समय लग रहा था कि बांग्लादेश 350 का स्कोर खड़ा कर देगी लेकिन तभी तमीम आउट हो गए। तमीम ने अपने करियर का नौवां शतक जड़ा। तमीम ने 90.14 की स्ट्राइक रेट से 142 गेंदों पर 12 चौके और तीन छक्के लगाए।
44वें ओवर की तीसरी गेंद पर तमीम बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में विकेट के पीछे खड़े जोस बटलर के हाथों लपके गए।
तमीम और रहीम के बीच एशिया के बाहर यह बांग्लादेश के लिए की गई सबसे बड़ी एकदिवसीय साझेदारी है। इसके अलाव सलामी बल्लेबाज के तौर पर तमीम इंग्लैंड के खिलाफ ओवल मैदान पर सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस क्रम में श्रीलंका के खिलाड़ी सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल मैदान पर 122 रनों की पारी खेली थी।
तमीम के आउट होने के बाद रहीम भी ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक पाए और वह भी 261 के ही स्कोर पर लंबा शॉट मारने के क्रम में एलेक्स हेल्स के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में खेली गई 72 गेंदों पर आठ चौके लगाए।
रहीम के बाद आए शाकिब अल हसन 10 रन बनाकर जैक बॉल की गेंद पर बेन स्टोक्स के हाथों लपके गए। 15 गेंदों में तीन चौके के साथ 24 रन बनाकर सब्बीर रहमान ने टीम को 300 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इसी स्कोर पर प्लंकेट ने उन्हें जेसन रॉय के हाथों कैच करा पवेलियन भेजा।
इंग्लैंड के लिए प्लंकेट ने सबसे अधिक चार विकेट लिए, वहीं बॉल और स्टोक्स को एक-एक सफलता हासिल हुई।