मीरपुर: भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने दावा किया कि उनकी टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में हार के कारणों की पहचान कर ली है और कहा कि कल होने वाले दूसरे मैच में विरोधी टीम पर दबाव बनाने के लिये गेंदबाजों को शुरू में विकेट लेने होंगे।
बांग्लादेश की पारी में 307 रन गंवाने के बाद महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम 228 रन पर आउट हो गयी। अब उसे तीन मैचों की श्रृंखला में बने रहने के लिये अगले मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। पहले मैच में सर्वाधिक 63 रन बनाने वाले रोहित ने कहा कि गेंदबाजों ने शुरू में विकेट लेने चाहिए।
रोहित ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, विकेट पहले मैच जैसा ही दिख रहा है। अमूमन यहां का विकेट पूरे समय एक जैसा ही रहता है। रणनीति के तौर पर हमें यह समझने की जरूरत है कि पहले मैच में हमने क्या गलतियां की। शुरू में विकेट लेना महत्वपूर्ण है जिस पर हम ध्यान देंगे। शुरू में विकेट लेने से आप दबाव बना देते हो और पहले मैच में हम ऐसा नहीं कर पाये।
उन्होंने कहा, उनके बल्लेबाज हमारे गेंदबाजों पर हावी हो गये थे। यदि हम शुरू में विकेट हासिल करते हैं तो इससे लय गड़बड़ाएगी और रन गति धीमी पड़ेगी। हमारे पास अच्छे गेंदबाज है और उम्मीद है कि वे कल अच्छा प्रदर्शन करेंगे।