1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हैदराबाद टेस्ट: भारत की बांग्लादेश पर बड़ी जीत, 208 रन से हराया

हैदराबाद टेस्ट: भारत की बांग्लादेश पर बड़ी जीत, 208 रन से हराया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 13, 2017 02:25 pm IST,  Updated : Feb 13, 2017 03:28 pm IST

हैदराबाद: भारत ने आज यहां एकलौते टेस्ट मैच के अंतिम दिन बांग्लादेश को 208 रन से हरा दिया। भारत ने 2015 के बाद लगातार छठी बार सिरीज़ जीती है। भारत की तरफ से अश्विन और

Indian Team | AP Photo- India TV Hindi
Indian Team | AP Photo

हैदराबाद: भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के साथ एकमात्र टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन दूसरे सत्र की समाप्ति से पहले ही बांग्लादेश की पारी को समेटकर 208 रनों से शिकस्त दे दी। राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से बांग्लादेश की दूसरी पारी 250 रनों पर समेट दी। भारत ने रविवार को अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 159 रनों पर घोषित कर बांग्लादेश को 459 रनों का लक्ष्य दिया था।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

चौथे दिन (रविवार) के स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 103 रनों से आगे खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम ने पांचवें दिन के पहले सत्र में दो विकेट गंवाकर सोमवार को भोजनकाल तक 99 रन जोड़े थे। मेहमान टीम को दिन का पहला झटका तीसरे ओवर में ही शाकिब अल-हसन (22) के रूप में लगा। शाकिब को 106 के कुल योग पर रवींद्र जडेजा ने चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच आउट कर पवेलियन भेजा। शाकिब के बाद क्रीज पर आए पहली पारी के शतकवीर कप्तान मुश्फिकुर रहीम (23) ने महमुदुल्ला (64) के साथ बांग्लादेश को मुश्किल से पार लगाने की कोशिश की और पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की। लेकिन, रविचंद्रन अश्विन ने मुश्फिकुर की पारी का अंत कर मेहमान टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। मुश्फिकुर 162 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

इसके बाद पहले सत्र में बांग्लादेश ने कोई विकेट नहीं गंवाया। महमुदुल्ला और शब्बीर रहमान (22) ने संभलकर खेलते हुए भोजनकाल तक छठे विकेट के लिए 40 रन जोड़े थे। भोजनकाल के बाद बांग्लादेश की पारी को आगे बढ़ाने उतरे महमुदुल्ला और शब्बीर टीम के खाते में 11 ही रन ही और जोड़ पाए थे कि 213 के कुल योग पर इशांत ने शब्बीर को पगबाधा आउट कर टीम का छठा विकेट गिराया। इसके बाद इशांत ने महमुदुल्ला को भी अधिक देर तक मैदान पर टिकने का मौका नहीं दिया। 77वें ओवर की तीसरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने इशांत की गेंद पर महमुदुल्ला को लपककर मेहमान टीम को बड़ा झटका दिया। महमुदुल्ला ने अपनी पारी में खेली गई 149 गेंदों पर सात चौके लगाए। महमुदुल्ला के आउट होने के बाद आए बांग्लादेश की टीम के बल्लेबाज मेहंदी हसन (23), ताइजुल इस्लाम (6) को जडेजा ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। टीम के आखिरी बल्लेबाज तस्कीन अहमद (1) का विकेट लेने के साथ ही अश्विन ने बांग्लादेश की पारी को 250 रनों पर समेट दिया।

भारत के लिए बांग्लादेश की दूसरी पारी में अश्विन और जडेजा ने चार-चार विकेट लिए, जबकि इशांत को दो विकेट मिले। भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली (204), मुरली विजय (108), रिद्धिमान साहा (106), चेतेश्वर पुजारा (83), अंजिक्य रहाणे (82), रवींद्र जडेजा (नाबाद 60) की बेहतरीन पारियों की बदौलत अपनी पहली पारी छह विकेट के नुकसान पर 687 रनों पर घोषित की थी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश की पहली पारी 388 रनों पर समाप्त कर दी थी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल