1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का ये शर्मनाक रिकॉर्ड जानकर हो जाएंगे हैरान

टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का ये शर्मनाक रिकॉर्ड जानकर हो जाएंगे हैरान

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Oct 31, 2017 05:12 pm IST,  Updated : Oct 31, 2017 05:14 pm IST

भारत इस सिरीज़ में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही तीन मैचों की वनडे सिरीज़ जीत कर आ रहा है। ऐसे में मौजूदा फॉर्म को देखें तो मेजबान टीम का पलड़ा ही किवी टीम पर भारी लग रहा है।

India vs New Zealand - India TV Hindi
India vs New Zealand

नई दिल्ली: वनडे में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम की नजरें बुधवार से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ में भी जीत हासिल कर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपना रिकार्ड सुधारने पर होंगी। यह सिरीज़ एक तरफ जहां श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज जैसे युवा खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी तो वहीं आशीष नेहरा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के अंत की गवाह बनेगी। नेहरा इस मैच के बाद टी-20 मैचों से संन्यास लेंगे।

भारत इस सिरीज़ में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही तीन मैचों की वनडे सिरीज़ जीत कर आ रहा है। ऐसे में मौजूदा फॉर्म को देखें तो मेजबान टीम का पलड़ा ही किवी टीम पर भारी लग रहा है। लेकिन खेल के इस प्रारूप में किवियों ने हमेशा ही भारत को शिकस्त दी है। टी-20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद शर्मनाक रहा है। टी20 विश्व कप और अन्य सिरीज़ मिलाकर भारतीय टीम कभी भी न्यूजीलैंड से टी-20 मैच नहीं जीत पाई।

वनडे सिरीज़ में भी उसने भारत को अच्छी खासी टक्कर दी थी। ऐसे में मेजबान उसे हल्के में लेने की कोशिश तो बिल्कुल नहीं करेंगे। टी-20 के लिहाज से किवी टीम के पास कई अच्छे मैच विजेता खिलाड़ी हैं। कप्तान केन विलियमसन, मार्टिन गुप्टिल, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस जैसे बल्लेबाज हैं। वहीं अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर को टी-20 सीरीज के लिए टीम में वापस बुलाया गया है। वह चोटिल टोड एस्ले के स्थान पर टीम में आए हैं। टेलर के आने से निश्चित ही किवी टीम की बल्लेबाजी और मजबूत होगी। ट्रेंट बाउल्ट के रूप में उसके पास ऐसा गेंदबाज है जो भारतीय सरजमीं पर मेजबानों पर हावी रहा है। हाल ही में खत्म हुई वनडे सिरीज़ इसका उदहारण है। लेग स्पिनर ईश सोढ़ी के आने से उसे और मजबूती मिली है। भारत की मेजबानी में पिछले साल खेले गए टी-20 विश्व कप में सोढ़ी ने भारत को एकतराफ मात दी थी।

फिरोज शाह कोटला की विकेट कुछ हद तक गेंदबाजों की मददगार रहती है। अगर विकेट में ज्यादा कुछ बदलाव नहीं किए तो बड़े स्कोर का मैच मुमकिन होना मुश्किल होगा। किवी टीम के कई खिलाड़ी आईपीएल में खेलते हैं। इसका फायदा भी उन्हें मिल सकता है। वहीं दूसरी तरफ भारत पूरी तरह से तैयार तो लग रही है। नेहरा का यह आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच होगा। पूरी संभावना है कि इस वरिष्ठ गेंदबाज को अंतिम एकदाश में जगह मिलेगी। देखना यह होगा कि नेहरा के स्थान पर किसे बाहर बिठाया जाएगा। जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार दोनों में से कोई एक गेंदबाज अंतिम एकादश से बाहर जा सकता है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को देखा जा सकता है। वहीं बल्लेबाजी की जिम्मेदारी रोहित शर्मा, शिखर धवन, कप्तान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या दिनेश कार्तिक के कंधों पर होगी। वनडे टीम का नियमित हिस्सा केदार जाधव इस सिरीज में नहीं हैं। ऐसे में उनकी जगह श्रेयस अय्यर को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।

भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आशीष नेहरा।

न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर, ट्रेंट बाउल्ट, टॉम ब्रूस, कोलिन डी ग्रांडहोमे, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस, एडम मिलने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स (विकेटकीपर)।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल