मीरपुर (बांग्लादेश): शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को जारी दूसरे एकदिवसीय मैच को बारिश के कारण रोक दिया गया है। मैच रोके जाने तक भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 43.5 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 196 रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा 19 रन बनाकर विकेट पर हैं जबकि भुवनेश्वर कुमार दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। जडेजा ने 25 गेंदों पर एक चौका लगाया है।
पिछले मैच के हीरो रहे मुस्ताफिजुर रहमान ने यहां भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया और अब तक पांच विकेट हासिल कर चुके हैं। नासिर हुसैन को दो और रुबेल हुसैन को एक सफलता मिली है।
भारत की ओर से कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 75 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 47 रनों की पारी खेली। सुरेश रैना 34 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने इसके अलावा अब तक रोहित शर्मा (0), शिखर धवन (53), विराट कोहली (23), अंबाती रायडू (0), अक्षर पटेल (0) और रविचंद्रन अश्विन (4) के विकेट गंवाए हैं। रोहित पारी की दूसरी गेंद पर आउट हुए जबकि धवन ने 60 गेंदों पर सात चौके लगाए।
रोहित की विदाई के बाद धवन ने विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की। कोहली 74 के कुल योग पर आउट हुए। कोहली ने 27 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।
धवन का विकेट 109 रनों पर गिरा। कुल योग में एक रन जुड़ने के साथ ही रायडू भी चलते बने। बांग्लादेश की ओर से नासिर हुसैन ने दो विकेट लिए हैं जबकि रुबेल हुसैन और मुस्ताफिजुर रहमान ने एक-एक सफलता पाई है।
तीन मैचों की इस सीरीज में मेजबान टीम 1-0 से आगे है। उसने पहले एकदिवसीय मुकाबले में भारत को 79 रनों से हराया था। इस सीरीज के सभी मैच मीरपुर में ही खेले जाने हैं।
भारत ने इस मैच के लिए तीन बदलाव किए हैं। अजिंक्य रहाणे, उमेश यादव और मोहित शर्मा को बाहर कर दिया गया है और उनके स्थान पर अंबाती रायडू, अक्षर पटेल और धवल कुलकर्णी को टीम में शामिल किया गया है।