कोलकाता: भारतीय टीम ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड को चौथे दिन ही हरा दिया। मेहमान टीम को 178 रन से रौंदकर भारत ने सीरीज पर 2-0 से तो कब्जा जमाया ही, साथ ही अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को नंबर वन की पोजिशन से धकेलकर खुद टॉप पर पहुंच गया। पाकिस्तान भी भारत को ही हटाकर टेस्ट मैचों की नंबर वन टीम बना था।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भारत ने कीवी टीम के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 376 रनों का टारगेट रखा था जिसके जवाब में न्यूजीलैंड 81.1 ओवरों में 197 रन ही बना सकी। यह भारत का अपने घर में 250वां टेस्ट मैच था। न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा 74 रन टॉम लैथम ने बनाए जबकि ल्यूक रोंची ने 32 रन की पारी खेली। मार्टिन गुपटिल एवं हेनरी निकलस ने भी 24-24 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। रविचन्द्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने न्यूजीलैंड के 3-3 खिलाड़ियों को आउट किया जबकि भुवनेश्वर ने एक खिलाड़ी को पविलियन भेजने में सफलता हासिल की। पहली पारी में भुवनेश्वर कुमार ने 5 विकेट चटकाए थे।

पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक नंबर वन नहीं रह पाया। (AP)
भारत ने अपनी पहली पारी में 316 रन बनाए थे, जबकि मेहमानों की पहली पारी 204 रनों पर ही सिमट गई थी, जिसके बाद भारत को पहली पारी के आधार पर 112 रनों की बढ़त हासिल हुई थी। मेजबानों ने अपनी दूसरी पारी में 263 रन बनाए थे और कीवी टीम को 376 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया, जो कि मेहमान टीम के लिए काफी बड़ा साबित हुआ। रिद्धिमान साहा को ‘मैन ऑफ द मैच’ के अवॉर्ड से नवाजा गया। साहा ने इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक जमाया था।