नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे वनडे में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को 243 रनों का लक्ष्य दिया है। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 242 रन बनाए। केन विलियम्स ने शानदार पारी खेलते हुए 118 रन बनाए। टॉम लाथन ने 46 रन बनाए जबकि रॉस टेलर और एंडरसन ने 21-21 रन बनाए। भारत की ओर से बुमराह और अमित मिश्रा ने तीन-तीन विकेट लिए।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पहले बल्लेबाजी करने उतरी किवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। किवी टीम का खाता भी नहीं खुला था कि मैच की दूसरी ही गेंद पर उमेश यादव ने खराब फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। लेकिन इसके बाद विलियमसन ने लाथम का साथ दिया और टीम को शुरुआती झटके से उबारते हुए दूसरे विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने शुरू में संयम के साथ बल्लेबाजी की लेकिन एक बार टिकने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने रन गति भी तेज कर ली। दोनों ने 20.1 ओवरों में 5.95 की औसत से रन जोड़े।
विलियमसन और लाथम की साझेदारी भारत के लिए खतरनाक होती जा रही थी। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने यहां केदार जाधव को गेंद थमाई। जाधव ने कप्तान को निराश नहीं किया और लाथम को पगबाधा कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद रॉस टेलर (21) ने कप्तान के साथ 38 रन जोड़े। टेलर जब लय पकड़ते दिख रहे थे तभी वह मिश्रा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर रोहित शर्मा के हाथों लपक लिए गए। कोरी एंडरसन (21) ने विलियमसन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया, लेकिन मिश्रा ने उन्हें अपना दूसरा शिकार बना एक और साझेदारी को तोड़ा।
एडंरसन के जाने के बाद विलियमसन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। वह रनगति बढ़ाने के चक्कर में मिश्रा का तीसरा शिकार बने। विलियमसन जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 213 रन था। अक्षर पटेल ने 216 के कुल योग पर ल्यूक रोंची को पवेलियन भेज किवी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। यह किवी टीम का छठा विकेट था।
यहां से किवी टीम रनों की गति को बढ़ा नहीं सकी और जसप्रीत बुमराह ने उसके निचले क्रम को धराशायी कर उन्हें बड़े स्कोर तक जाने से रोक दिया। उन्होंने एंटोन डेविक (7), टिम साउदी (0) और मैट हेनरी (6) को पवेलियन लौटाया।
भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और किवी टीम को आखिरी के 10 ओवरों में सिर्फ 40 रन जुटाने का अवसर दिया। इस दौरान उन्होंने किवी टीम के छह विकेट भी चटकाए। भारत की तरफ से मिश्रा और बुमराह ने सर्वाधिक तीन-तीन सफलताएं हासिल कीं। पटेल, उमेश और जाधव एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।