1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ : कप्तान कोहली ने किया ऐलान, वनडे में पृथ्वी शॉ करेंगे डेब्यू जबकि राहुल इस नंबर पर खेलेंगे

IND vs NZ : कप्तान कोहली ने किया ऐलान, वनडे में पृथ्वी शॉ करेंगे डेब्यू जबकि राहुल इस नंबर पर खेलेंगे

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 04, 2020 09:11 am IST,  Updated : Feb 04, 2020 09:15 am IST

कोहली ने वनडे सीरीज से पहले ये साफ़ कर दिया कि पृथ्वी शॉ अब रोहित की जगह ओपनिंग करते नजर आएंगे और लोकेश राहुल मध्यक्रम की कमान संभालेंगे।

Virat Kohli- India TV Hindi
Virat Kohli Image Source : AP

न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ़ कर दिया। इस तरह कप्तान विराट कोहली वाली टीम इंडिया आगामी तीन वनडे मैचों की सीरीज में भी जीत का क्रम जारी रखना चाहेगी। मगर कोहली को बड़ा झटका तब लगा जब चोटिल होने के कारण रोहित शर्मा वनडे और टेस्ट दोनों टीमों से बाहर हो गए। ऐसे में 18 साल के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ टीम में पहले से ही शामिल थे जबकि रोहित की जगह मयंक अग्रवाल को मौका दिया गया। जिस पर कोहली ने वनडे सीरीज से पहले ये साफ़ कर दिया कि पृथ्वी शॉ अब रोहित की जगह ओपनिंग करते नजर आएंगे और लोकेश राहुल मध्यक्रम की कमान संभालेंगे। 

कोहली ने मैच से एक दिन पहले मीडिया से कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि रोहित एकदिवसीय श्रृंखला का हिस्सा नहीं हो सकते हैं, उनका प्रभाव टीम में देखने लायक होता है। हमारे पास आगे कोई भी ज्यादा वनडे सीरीज नहीं है ऐसे में अच्छी बात ये है कि वो फिट हो जाए। हालांकि पृथ्वी डेब्यू करने जा रहे हैं और वो पारी की शुरुआत करेंगे जबकी राहुल वनडे मैचों में मध्यक्रम में ही बल्लेबाजी करेंगे।"

वहीं घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच हारने और और उसके बाद शानदार वापसी करते हुए सीरीज जीतने पर कोहली को अपनी टीम पर काफी विश्वास है। जिस पर उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में हम पहला मैच हार गये उसके बाद वापसी करते हुए हमें 2-1 से सीरीज अपने नाम की। जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है और हम सकरात्मक सोच के साथ क्रिकेट खेलेंगे। हमें अपने प्लान पर विश्वास करना होगा और पता है कि न्यूजीलैंड आसानी से हारने वाली टीम नहीं है।"

इतना ही नहीं कोहली ने अंत में फील्डिंग के बारे में कहा, "हमारी टीम की औसत उम्र 27 साल है मगर उसके स्तर के हिसाब से पिछली सीरीज में हमारी फील्डिंग नहीं रही है। टी20 में दबाव के कारण आपसे मिसफील्डिंग हो सकती है मगर वनडे क्रिकेट में भी हमारी फील्डिंग खराब रही है। हमने ऐसा सोचा नहीं था मेरे ख्याल से हमें तीनों ( बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग ) में सुधार करने की जरूरत है।"

बता दें कि टीम इंडिया तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच हैमिल्टन के सेडन पार्क में 5 फरवरी को खेलेगी। जिसमें युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के वनडे डेब्यू पर सभी की निगाहें होंगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल