कोलंबो: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में दो विकेट खोकर 50 रन बना लिए। पुजारा 19 और कप्तान विराट कोहली 14 रन बनाकर खेल रहे थे तभी बारिश की वजह खेल रोकना पड़ा।
भारत को पहले ही ओवर में तब झटका लगा जब लोकेश राहुल(2) को प्रसाद ने क्लीन बोल्ड कर दिया। भारत अभी इस नुकसान से उभरा भी नहीं था कि रहाणें भी 8 रन बनाकर आउट हो गए।
14 के स्कोर पर दो विकेट खोने के बाद पुजारा और कोहली ने पारी संभाली हालंकि दोनों को श्रीलंकाई बॉलरों ने परेशान किया।
श्रीलंका की तरफ से प्रसाद और प्रदीप ने एक-एक सफलता प्राप्त की।
इसके पहले श्रीलंका ने सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
भारत ने चोटिल विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के स्थान पर नमन ओझा को मौका दिया है। वह भारत के 285वें टेस्ट खिलाड़ी हैं। साथ ही चेतेश्वर पुजारा को भी अंतिम एकादश में जगह मिली है। पुजारा बीते साल सिडनी टेस्ट के बाद पहली बार खेल रहे हैं।
श्रीलंका ने भी तीन परिवर्तन किए हैं। जेहान मुबारक और दुष्मंथ चमीरा के स्थान पर नुवान प्रदीप और उपुल थरंगा को मौका मिला है। कुशल परेरा पदार्पण कर रहे हैं।