1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. India vs West Indies, 1st Test: रहाणे-बुमराह के दम पर भारत ने विदेशी धरती पर दर्ज की सबसे बड़ी जीत

India vs West Indies, 1st Test: रहाणे-बुमराह के दम पर भारत ने विदेशी धरती पर दर्ज की सबसे बड़ी जीत

 Reported By: IANS
 Published : Aug 26, 2019 07:25 am IST,  Updated : Aug 26, 2019 07:25 am IST

भारत ने पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन मेजबान वेस्टइंडीज को महज 100 रन के भीतर ऑलआउट कर 318 रन से ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली।  रनों के लिहाज से विदेशी धरती पर भारत की ये सबसे बड़ी जीत है। 

India vs West Indies, 1st Test:...- India TV Hindi
India vs West Indies, 1st Test: रहाणे-बुमराह के दम पर भारत ने विदेशी धरती पर दर्ज की सबसे बड़ी जीत Image Source : AP IMAGES

एंटिगा| भारत ने यहां सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को मेजबान वेस्टइंडीज को महज 100 रन के भीतर ऑलआउट कर 318 रन से ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली। रनों के लिहाज से विदेशी धरती पर भारत की ये सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

भारत से मिले 419 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान वेस्टइंडीज ने सात के स्कोर पर क्रैग ब्रैथवेट (1) के रूप में पहला, 10 के स्कोर जॉन कैम्पवेल (7) के रूप में दूसरा और अपना पदार्पण टेस्ट मैच खेल रहे शामरा ब्रूक्स (2) के रूप में तीसरा तथा 13 के स्कोर पर शिमरोन हेटमेयर (1) के रूप में चौथा विकेट गंवा दिया। 15 रन के भीतर विंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

इसके बाद शे होप 2, कप्तान जेसन होल्डर 8 और रोस्टन चेज 12 रन बनाकर चलते बने। आखिरी विकेट के लिए केमार रोच ने थोड़ा संघर्ष किया जो ज्यादा देर तक नहीं चल सका। रोच 8 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह मेजबान की पूरी टीम 100 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 5 और ईशांत ने 3 और मोहम्मद शमी ने 2 विकेट चटकाए। 

इससे पहले, भारत ने उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (102) के शतक और हनुमा विहारी (93) तथा कप्तान विराट कोहली (51) के अर्धशतकों की मदद से अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 343 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 419 रनों का लक्ष्य रख दिया। 

भारत ने पहली पारी में 297 रन का स्कोर बनाया था और उसने वेस्टइंडीज को पहली पारी में 222 रन पर ऑलआउट कर दिया था। भारत को इस तरह पहली पारी में 75 रन की बढ़त हासिल थी। 

भारत ने अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 185 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान विराट कोहली ने 51 और उपकप्तान रहाणे ने अपनी पारी को 53 रन से आगे बढ़ाया। 

भारत अपने कल के स्कोर में दो रन ही जोड़ पाया था कि कोहली आउट हो गए। चेज ने उन्हें अपना दूसरा शिकार बनाया। कोहली ने अपने कल के स्कोर में एक रन का भी इजाफा नहीं किया। 

कोहली के आउट होने के बाद रहाणे और विहारी ने लंच तक भारत को और कोई नुकसान नहीं होने दिया। लंच तक भारत चार विकेट पर 287 रन बना चुका था और उसे 362 रन की बढ़त थी। 

लंच के बाद रहाणे अपने करियर का 10वां शतक जमाने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 242 गेंदों पर पांच चौके लगाए। रहाणे ने पहले तो कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 106 रन और फिर विहारी के साथ पांचवें विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की। 

रहाणे के आउट होने के बाद ऋषभ पंत (7) और विहारी भी 343 के स्कोर तक आउट हो गए। विहारी के आउट होते ही भारत ने पारी घोषित कर दी। विहारी ने 128 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाया। 

कोहली ने 113 गेंदों पर दो चौके लगाए। उनके अलावा लोकेश राहुल ने 38, चेतेश्वर पुजारा ने 25, मयंक अग्रवाल ने 16 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद एक रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने चार और केमार रोच, शेनन गेब्रियल तथा कप्तान जेसन होल्डर ने एक-एक विकेट लिए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल