धर्मशाला: टेस्ट सिरीज़ के चौथे और निर्णायक मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली कंधे की चोट की वजह से नहीं खेल रहे हैं लेकिन फिर भी वह खेल से ख़ुद को दूर नही रख सके और मौक़ा मिलते ही बीच मैदान में पहुंच गए।
दरअसल छठे ओवर के बाद शिकायत मिलने पर अंपायर बॉल चैक कर रहे थे और खेल रुका हुआ था। तभी कोहली पीली जर्सी में पानी और कोल्ड ड्रिंक्स लेकर बीच मैदान में पहुंच गए। उनके चेहरे पर मुस्कान थी और वह खिलाड़ियों को हिदायत देते नज़र आए।
आपको बता दें कि रांची टेस्ट के दौरान फ़ील्डिंग करते समय कोहली के कंधे में चोट लग गई थी और इस मैच में उनके खेलने को लेकर संदेह बना हुआ था जो आख़िरकार सही साबित हुआ। कल कोहली ने मीडिया से बातचीत में कहा भी था कि अगर वह शत प्रतिशत फिट नही होते तो नहीं खेलेंगे।
चार मैचों की सिरीज़ में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं।