1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विश्वकप 2019 की टीम में जगह बनाने के लिए आईपीएल से मिलेगी काफी मदद - जैसन बेहरनडोर्फ

विश्वकप 2019 की टीम में जगह बनाने के लिए आईपीएल से मिलेगी काफी मदद - जैसन बेहरनडोर्फ

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 04, 2019 01:01 pm IST,  Updated : Apr 04, 2019 01:06 pm IST

जैसन बेहरनडोर्फ ने आईपीएल में प्रभावशाली शुरुआत की तथा चेन्नई सुपरकिंग्स के सलामी बल्लेबाज अंबाती रायुडु और तीन नम्बर पर आये सुरेश रैना को भी आउट किया।

जैसन बेहरनडोर्फ- India TV Hindi
जैसन बेहरनडोर्फ गेंदबाज़, मुम्बई इंडियंस  Image Source : IPLT20.COM

मुंबई| मुंबई इंडियन्स के बायें हाथ के तेज गेंदबाज जैसन बेहरनडोर्फ को लगता है कि आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन से उन्हें इंग्लैंड में होने वाले आगामी विश्व कप के लिये आस्ट्रेलियाई टीम में जगह सुरक्षित करने में मदद मिलेगी।

न्यू साउथ वेल्स के 28 वर्षीय गेंदबाज ने बुधवार को आईपीएल में प्रभावशाली शुरुआत की तथा चेन्नई सुपरकिंग्स के सलामी बल्लेबाज अंबाती रायुडु और तीन नम्बर पर आये सुरेश रैना को भी आउट किया। इस तरह उन्होंने  22 रन देकर दो विकेट लिये।

बेहरनडोर्फ ने कहा, ‘‘यहां अच्छे प्रदर्शन से वास्तव में मुझे मदद मिल सकती है। मेरा सबसे मजबूत पक्ष नयी गेंद को स्विंग कराना और कुछ विकेट लेना है, इसलिए ऐसा करने में सक्षम होना और चयनकर्ताओं के दिमाग में यह बात रखना कि मैं अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं, मेरे लिये अच्छा है। उम्मीद है कि इससे मैं दावेदार बना रहूंगा।’’

उन्हें उम्मीद है कि बायें हाथ के सीनियर तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क के साथ उन्हें भी आस्ट्रेलिया की विश्व कप टीम में जगह मिलने में दिक्कत नहीं होगी। चयनसमिति दो सप्ताह में टीम का चयन कर सकती है।

बेहरनडोर्फ ने कहा, ‘‘ऐसा हो सकता है। टीम में बायें हाथ के दो तेज गेंदबाजों को रखने में कुछ भी गलत नहीं है। आस्ट्रेलिया ने पूर्व में ऐसा बहुत अधिक बार नहीं किया लेकिन मुझे इसका कोई कारण नजर नहीं आता जिससे हम ऐसा नहीं कर सकते। मिशेल डेथ ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी करता है। वह बीच के ओवरों और शुरू में भी गेंदबाजी कर सकता है। अगर हम दोनों एक साथ टीम में चुने जाते हैं तो हम अलग अलग भूमिकाएं निभा सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुरू में गेंदबाजी कर सकता हूं और मिशेल बीच के ओवरों और डेथ ओवरों में जिम्मेदारी संभाल सकता है। यह काफी रोमांचक होगा।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल