1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2019, MI VS DC : मुम्बई के खिलाफ विजयी अभियान जारी रखना चाहेगी दिल्ली, रबाडा व पंत पर होंगी निगाहें

IPL 2019, MI VS DC : मुम्बई के खिलाफ विजयी अभियान जारी रखना चाहेगी दिल्ली, रबाडा व पंत पर होंगी निगाहें

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 17, 2019 10:30 am IST,  Updated : Apr 18, 2019 08:20 am IST

पंत ने मुंबई के खिलाफ पहले मैच में 27 गेंदों पर 78 रन की तूफानी पारी खेली थी जिससे दिल्ली ने यह मैच 37 रन से जीता था।

मुंबई इंडियंस - India TV Hindi
हार्दिक पंड्या बनाम कगिसो रबाडा  Image Source : IPLT20.COM

नई दिल्ली। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज कैगिसो रबाडा के बेजोड़ प्रदर्शन से जीत की हैट्रिक बनाने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच में विजय अभियान जारी रखने उतरेगी जिसमें फिर से निगाहें ऋषभ पंत पर टिकी रहेंगी जो विश्व कप टीम में जगह नहीं पाने के कारण चर्चा के केंद्र में है। 

भारतीय चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिये पंत की जगह अनुभवी दिनेश कार्तिक को प्राथमिकता दी है। इसके बाद यह पहला मैच होगा जिसमें पंत सबकुछ भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करके अपने समर्थकों में जोश भरना चाहेंगे। 
पंत ने मुंबई के खिलाफ पहले मैच में 27 गेंदों पर 78 रन की तूफानी पारी खेली थी जिससे दिल्ली ने यह मैच 37 रन से जीता था। मुंबई के गेंदबाजों के लिये जहां पंत, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ को रोकना चुनौती होगी वहीं उसके बल्लेबाजों के लिये रबाडा के तूफान से पार पाना आसान नहीं होगा। 
दिल्ली ने अब तक आठ में से जो पांच मैच जीते हैं उनमें रबाडा की भूमिका अहम रही है। इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने अब तक 17 विकेट लिए हैं और हमवतन क्रिस मौरिस (11 विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाया है। 
रबाडा ने मुंबई के खिलाफ 21 रन देकर चार विकेट लिये थे। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दिल्ली में सुपरओवर में वह जीत के नायक रहे जबकि रायल चैंलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने चार-चार विकेट निकाले थे। दिल्ली ने पिछले तीन मैचों में बेंगलोर को चार विकेट, केकेआर को सात विकेट और हैदराबाद को 39 रन से हराया। मुंबई ने पिछले मैच में बैंगलोर को हराकर दो हार के बाद जीत दर्ज की। 
दर्शकों को रोहित शर्मा और रबाडा के बीच रोचक जंग की उम्मीद रहेगी लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई के सबसे सफल बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक और डेथ ओवरों में धाकड़ बल्लेबाज़ी करने वाले हार्दिक पंड्या उनका किस तरह से सामना करते हैं। 
दिल्ली के बल्लेबाजों विशेषकर शॉ और पंत जैसे युवा खिलाड़ियों को जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा जैसे तेज गेंदबाजों से निपटना होगा। इन गेंदबाजों के सामने भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहे जा रहे दोनों बल्लेबाजों का रवैया कैसा रहता है यह देखना दिलचस्प होगा। 
दिल्ली ने जहां पिछले तीनों मैच जीते हैं वहीं मुंबई की टीम अभी तक जीत की लय बरकरार रखने में नाकाम रही है। बल्लेबाज़ी में अक्सर हार्दिक पंड्या ने अंतिम ओवरों में तेजतर्रार बल्लेबाजी करके टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। कीरेन पोलार्ड, युवराज सिंह और सूर्यकुमार यादव टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं। शीर्ष क्रम नाकाम रहने पर इनकी भूमिका अहम साबित होगी। 
दिल्ली और मुंबई दोनों के अभी आठ आठ मैचों में दस अंक हैं और वे यहां जीत दर्ज करके प्लेआफ के लिये अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे। दिल्ली अभी बेहतर रन रेट के आधार पर दूसरे और मुंबई तीसरे स्थान पर है। मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल