कोलकाता: आईपीएल का आगाज आज से होने जा रहा है। सीजन 8 का पहला मुकाबला कोलकाता और मुंबई के बीच ईडेन गार्डन में खेला जाएगा। 2014 में कोलकाता ने फाइनल में पंजाब को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
पिछले सीजन में वेस्टइंडीज के रहस्यमयी स्पिनर नारायण के गेंदबाजी एक्शन की शिकायत चैम्पियंस टी20 लीग में की गई थी। इसके चलते नारायण क्रिकेट विश्व कप भी नहीं खेल सके थे। लेकिन बीसीसीआई ने उन्हें क्लीनचिट दे दी है।
नारायण को लेकर केकेआर ने आईपीएल से हटने तक की धमकी भी दे दी थी। गंभीर की अगुवाई में कोलकाता की टीम बेहद मजबूत नजर आ रही है।
दूसरी टीम मुंबई इंडियंस के पास कप्तान रोहित शर्मा के अलावा कीरोन पोलार्ड, कोरे एंडरसन और आरोप फिंच जैसे जबरदस्त बल्लेबाज हैं। 2013 में मुंबई ने इसी मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स को हरा कर जीत दर्ज की थी। पिछले साल मुंबई को लगातार पांच हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन राजस्थान रायल्स पर नाटकीय जीत के बाद टीम अंतिम चार में पहुंची जहां उसे चेन्नई सुपर किंग्स ने हराया।
वहीं कोलकाता के पास कप्तान गंभीर के अलावा राबिन उथप्पा, मनीष पांडे, सूर्यकुमार यादव, युसूफ पठान, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन जैसे खिलाड़ी हैं। तेज और आक्रमक गेंदबाज़ी की कमान मोर्नी मोर्केल और उमेश यादव के हाथ में होगी।