1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 8: गेंदबाजों के बल पर मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत

IPL 8: गेंदबाजों के बल पर मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत

 Written By: IANS
 Published : Apr 26, 2015 08:57 am IST,  Updated : Apr 26, 2015 08:59 am IST

मुंबई: पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रनों का औसत स्कोर खड़ा करने के बावजूद मुंबई इंडियंस ने अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बल पर शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए IPL 8 के

IPL 8: मुंबई इंडियंस ने...- India TV Hindi
IPL 8: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की दूसरी जीत

मुंबई: पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रनों का औसत स्कोर खड़ा करने के बावजूद मुंबई इंडियंस ने अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बल पर शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए IPL 8 के अपने सातवें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 20 रनों से हरा दिया। मुंबई से मिले 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स लसिथ मलिंगा (23/4) और मिशेल मैक्लेनगन (20/3) की कसी हुई गेंदबाजी के आगे निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 137 रन ही बना सके।

मलिंगा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुंबई इंडियंस की IPL 8 में सात मैचों में यह दूसरी जीत है, हालांकि वह अभी भी अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर ही बने हुए हैं।

शिखर धवन (42) ने कप्तान डेविड वार्नर (9) के साथ धमाकेदार शुरुआत की और शुरुआती पांच ओवरों में 45 रन जोड़ डाले। धवन एक छोर से जहां ताबड़तोड़ खेल रहे थे, वहीं वार्नर को स्ट्राइक कम मिला और वह लय में भी नजर नहीं आए।

अंतत: लसिथ मलिंगा ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर वार्नर को अंबाती रायडू के हाथों कैच आउट करवा दिया।

छह गेंद बाद ही धवन भी मिशेल मैक्लेनगन की गेंद पर मलिंगा को कैच थमा बैठे। धवन ने 29 गेंदों की अपनी तेज-तर्रार पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।

लगातार दो विकेट गिरने से सनराइजर्स की रन गति धीमी पड़ गई। अगले छह ओवर में सनराइजर्स मात्र 29 रन बना सके और इस बीच नमन ओझा (9) के रूप में एक विकेट भी गंवाया।

लोकेश राहुल (25) और रवि बोपारा (23) की पारियां धीमी जरूर रहीं लेकिन उन्होंने सनराइजर्स के मैच में जरूर बनाए रखा।

17 ओवर की समाप्ति पर सनराइजर्स को जीत के लिए अगली 18 गेंदों पर 34 रनों की दरकार थी। मैक्लेनगन द्वारा लाया गया 18वां ओवर लेकिन मैच की दशा पलटने वाला साबित हुआ। इस ओवर में मैक्लेनगन ने मात्र तीन रन दिए और बोपारा का विकेट भी चटका डाला।

लेकिन मलिंगा का अगला ओवर रही सही कसर पूरी करने वाला रहा। मलिंगा ने इस ओवर में सिर्फ एक रन देकर तीन विकेट चटका डाले और सनराइजर्स के सामने आखिरी ओवर में 30 रनों का असंभव सा लक्ष्य रह गया।

मलिंगा ने चार और मैक्लेनगन ने तीन विकेट चटकाए। मलिंगा ने IPL 8 में 10 विकेट पूरे कर लिए।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनते हुए मुंबई ने लेंडिल सिमंस (51) और कीरन पोलार्ड (33) के बल पर निर्धारित 20 ओवरो में आठ विकेट खोकर 157 रन बनाए।

सिमंस ने पार्थिव पटेल (17) के साथ पहले विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी कर मुंबई को स्थिर शुरुआत दी।

डेल स्टेन और प्रवीण कुमार ने हालांकि लगातार दो ओवरों (छठे और सातवें) क्रमश: पटेल और उन्मुक्त चंद (5) के विकेट चटका दिए।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान रोहित शर्मा (24) ने सिमंस के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी निभाई। स्टेन ने सिमंस को क्लीन बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। सिमंस ने 42 गेंदों की अपनी अर्धशतकीय पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।

13 ओवरों में तीन विकेट पर 104 रन बना चुकी मुंबई की टीम हालांकि आखिरी के सात ओवरों में 53 रन जोड़ सकी और पांच विकेट गंवाए।

इस बीच पोलार्ड ही कुछ संघर्ष कर सके। 24 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाने वाले पोलार्ड को भुवनेश्वर कुमार ने 149 के कुल योग पर क्लीन बोल्ड किया।

सनराइजर्स के लिए भुवनेश्वर ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवरों में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए। स्टेन और प्रवीण कुमार को दो-दो विकेट मिले।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल